दहगंवा। जरीफनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार की रात बरात की दावत खाकर लौट रहे युवकों के बीच कार खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मारपीट में घायल एक युवक की उपचार के दौरान मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल का इलाज किया जा रहा है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
गांव कादरचौक निवासी कल्याण सिंह की बेटी की बरात रविवार की रात आई थी। दावत में शामिल होने के बाद हरिओम पुत्र कृपाल सिंह, रामानंद पुत्र राजेश और जुगेंद्र पुत्र गणपत घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के चौराहे पर चंद्रवीर पुत्र देवेंद्र और जितेंद्र पुत्र सुरेश अपनी कार लेकर पहुंचे। चंद्रवीर के घर के सामने चौराहे पर कार खड़ी करने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।
कहासुनी होते होने के बाद गाली-गलौज और मारपीट होने लगी। मारपीट में हरिओम, रामानंद और जुगेंद्र घायल हो गए थे। परिजन तीनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां से हरिओम की गंभीर हालत देखते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उपचार के दौरान हरिओम की सोमवार रात मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। इधर, सीओ सहसवान अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया है। जांच कर आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।