बदायूं। जिला सिविल बार के सचिव अरविंद पाराशरी के इस्तीफे के बाद बुधवार को नई कमेटी बनाकर एल्डर्स कमेटी के सदस्य भी घोषित कर दिए गए। मामला जब अखबार की सुर्खियों में आया तो एल्डर्स कमेटी के सदस्य अनवर आलम के साथ सिविल बार के अधिवक्ताओं ने बैठक की। यहां बुधवार को की गई बैठक को गलत ठहराया गया और इसे बार विरोधी गतिविधि बताया।
बृहस्पतिवार को हुई बैठक में कहा गया कि सचिव का त्यागपत्र ही मंजूर नहीं हुआ तो नई कमेटी कैसे घोषित कर दी गई। बैठक में बार ने अनुराग शर्मा और अनवर आलम को दूसरे पक्ष से वार्ता करने के लिए कहा है। सिविल बार हाल में सचिव अरविंद पाराशरी ने कहा कि उन्होंने सदैव बार हित में कार्य किए हैं। कहा कि जिला बार के अध्यक्ष से चेंबर पर हुए कब्जे को लेकर बात हो गई थी। इसके बाद भी कुछ अधिवक्ताओं ने बार विरोधी गतिविधि से प्रेरित होकर ऐसा किया है। इसके बारे में अब दूसरे पक्ष से बात की जाएगी।