उझानी। एक गांव में किशोरी से दुष्कर्म की वीडियो बनाकर उसका बार-बार यौन उत्पीड़न किए जाने के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों में दो को बुधवार दोपहर कोर्ट में तो तीसरे आरोपी को किशोर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे बाल सुधार गृह बरेली भेज दिया गया। इस मामले में एक आरोपी की पुलिस को अब भी तलाश है।
बता दें कि 17 वर्षीय दुष्कर्म पीड़िता के चाचा ने नाबालिग के अलावा वीरेश उर्फ मझले, जानू और अरुण के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप था कि साल भर पहले नाबालिग और वीरेश ने किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना की वीडियो भी बना ली। बाद में वीडियो वायरल कर देने की धमकी देकर किशोरी का कई बार यौन उत्पीड़न किया गया।
इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों नाबालिग के अलावा जानू और वीरेश उर्फ मझले को गिरफ्तार कर बुधवार पूर्वाह्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मेडिकल कराया। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मलिक ने बताया कि कोर्ट में पेश किए जाने के बाद दो को जेल भेज दिया गया, जबकि नाबालिग को किशोर न्यायालय में पेश कर बाल सुधार गृह भेजा गया। उधर, जिला महिला अस्पताल में किशोरी के मेडिकल परीक्षण की कार्रवाई दूसरे दिन भी चली। पुलिस उसका वीडियो बयान पहले ही दर्ज कर चुकी है।
ऐसे खुली थी आरोपियों की पोल
दुष्कर्म पीड़िता ने पुलिस को बताया है कि पहली बार घटना का वीडियो बना लिए जाने के बाद आरोपी उसे बार-बार बुला लिया करते थे। एक जून को जब वह आरोपी युवक के बुलावे पर उसके बताए ठिकाने पर नहीं गई तो उसकी वीडियो वायरल कर दी गई। वीडियो वायरल हो जाने के बाद ही किशोरी ने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी।