बदायूं। सिविल लाइंस इलाके में बुधवार को एलआईसी अभिकर्ता की जेब काटकर एक लाख रुपये निकाल लिए गए। जब अभिकर्ता एलआईसी कार्यालय पहुंचे, तब उन्हें इसकी जानकारी हुई। उन्होंने अभी थाना पुलिस को तहरीर नहीं दी है।
एलआईसी अभिकर्ता अशोक तिवारी वजीरगंज के निवासी हैं। उनके मुताबिक बुधवार को वह लोगों के प्रीमियम के एक लाख रुपये जमा करने एलआईसी कार्यालय आ रहे थे। वह रोडवेज बस से उतरकर कार्यालय जाने को एक ई-रिक्शा में सवार हुए थे। उस ई-रिक्शा में एक और सवारी बैठी थी। ई-रिक्शा ओवरब्रिज से उतरकर आवास विकास की ओर मुड़ा कि उसमें बैठी सवारी उतर गई। वह एलआईसी कार्यालय के सामने रिक्शा से उतरे। उन्होंने रिक्शा ड्राइवर को रुपये देने के लिए जैसे ही अपनी जेब में हाथ डाला कि वह दंग रह गए।
उनकी जेब कट चुकी थी। उन्होंने बताया कि उनकी जेब में एक लाख रुपये रखे थे। उन्होंने ई-रिक्शा के ड्राइवर और उस अज्ञात सवारी पर जेब काटने का आरोप लगाया। इससे दोनों में नोकझोंक हो गई। एलआईसी कार्यालय के गेट पर शोरशराबा सुनकर तमाम भीड़ लग गई। इसी दौरान ड्राइवर अपना ई-रिक्शा लेकर चला गया। इस संबंध में उन्होंने पुलिस को सूचना नहीं दी है। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर संजीव कुमार शुक्ला ने भी जानकारी मिलने से इनकार किया है। कुछ लोग इस घटना को संदिग्ध मान रहे हैं।