बदायूं। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के ऑडिटोरियम में जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत जनपद स्तरीय फील्ड ट्रेनर्स के पहले बैच का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण 14 मार्च तक चलेगा। वहीं दूसरे और तीसरे बैच का प्रशिक्षण 16 से 18 मार्च और 23 से 25 मार्च तक होगा।
मास्टर ट्रेनर्स संदीप भारती और बृजेंद्र कुमार ने बताया कि जनगणना देश का अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार विभिन्न योजनाएं तैयार करती है। इसलिए जनगणना कार्य को पूरी सावधानी और पारदर्शिता के साथ किया जाना चाहिए।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि जनपद में जनगणना कार्य के लिए तीन मास्टर ट्रेनर्स, 108 फील्ड ट्रेनर्स, लगभग 1100 सुपरवाइजर और करीब 6700 प्रगणक बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि एक मकान सूचीकरण ब्लॉक लगभग 800 की आबादी पर बनाया जाएगा।
प्रगणकों को एमएलबी एप के माध्यम से घर-घर जाकर जानकारी दर्ज करनी होगी। डेटा को समय-समय पर सिंक करना भी आवश्यक होगा। प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनर्स की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया और उन्हें निर्देश दिए गए कि जनगणना कार्य को समयबद्ध और त्रुटिरहित तरीके से पूरा किया जाए।