बदायूं। शहर कोतवाली क्षेत्र में लालपुल पुलिस चौकी के सामने शुक्रवार रात एक कार और बाइक की टक्कर हो गई। इसमें 30 वर्षीय मनोज की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम करा दिया है। वहीं चालक कार लेकर भाग गया, पुलिस उसे तलाश कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जालंधरी सराय निवासी मनोज पुत्र नत्थूलाल, जयप्रकाश और सुनील शुक्रवार रात बाइक से दावत खाने लालपुल गए थे। परिवारवालों के मुताबिक तीनों लोग देर रात दावत खाकर घर लौट रहे थे। इस दौरान वह हेलमेट नहीं लगाए थे। उनकी बाइक लालपुल पुलिस चौकी के सामने पहुंची थी कि तभी सामने से तेज रफ्तार में आई कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे तीनों लोग सड़क पर जा गिरे। बाइक भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। उस दौरान सड़क पर ज्यादा लोग मौजूद नहीं थे। ऐसे में चालक कार लेकर भाग गया। रास्ते से गुजर रहे कुछ लोगों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। इससे पुलिस और युवकों के परिवारवाले भी मौके पर पहुंच गए। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात मनोज की मौत हो गई। कोतवाली पुलिस ने शनिवार दोपहर उसके शव का पोस्टमार्टम करा दिया है। परिवार ने बताया कि मनोज एक मिठाई की दुकान पर मजदूरी करता था।