बदायूं। शहर की जर्जर सड़कों और अंधेरे में डूबे प्रमुख मार्गों को लेकर छह सड़कों के निर्माण एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था के लिए शासन ने एक करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है। अब जल्द ही यह काम शुरू होंगे।
स्वीकृत बजट से मोहल्ला महाराज नगर में डॉ. सीमा सरन हॉस्पिटल के बराबर वाली गली का निर्माण कराया जाएगा। वार्ड संख्या-3 में डीएम आवास के पीछे श्याम बाबू के घर से राधा कृष्ण गुप्ता एवं राजीव गुप्ता के घर तक इंटरलॉकिंग सड़क बनाई जाएगी। नेकपुर क्षेत्र में गली नंबर-1 एवं 2 में राकेश के प्लांट से मोर सिंह के मकान तक इंटरलॉकिंग कार्य होगा। इसके अलावा न्यू कृष्ण नगर (वार्ड-3) में रजत के मकान से अनिल कुमार के मकान तक सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इन मार्गों के सुधरने से स्थानीय नागरिकों को जलभराव, कीचड़ और आवागमन की दिक्कतों से राहत मिलेगी।
-
जेल तिराहा से गौरी शंकर मंदिर और लालपुर से पथिक चौक तक रहेगी रोशनी
जेल तिराहा कचहरी से गौरी शंकर मंदिर तक व लालपुर चौराहे से पथिक चौक तक स्ट्रीट लाइटें लगाने की भी व्यवस्था की गई है। इससे रात्रि में आवागमन सुरक्षित होगा और असामाजिक गतिविधियों पर भी अंकुश लगेगा।
वर्जन-
शहर में जर्जर सड़कों को बनवाने के लिए प्रस्ताव शासन को भेजे गए हैं,एक करोड़ रुपये स्वीकृत हुई है। सड़कें बनने के साथ स्ट्रीट लाइटें भी लगाई जाएंगी।
महेश चंद्र गुप्ता, शहर विधायक