सैदपुर। लखनऊ से पहुंची अधिकारियों की टीम का मंगलवार को भी स्वास्थ्य, शिक्षा और विकास कार्यों पर फोकस रहा। मंगलवार सुबह विशेष सचिव संजय कुमार यादव ने अपनी टीम के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की।
उन्होंने ओपीडी कक्ष, डेंगू-मलेरिया कक्ष, इमरजेंसी और जेएसवाई केंद्र का निरीक्षण किया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विपिन वर्मा को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर बीडीओ शैली गोविल, सीएम फेलो नवीन कुमार, डॉ. जुनैद मेंहदी और उम्मेद सिंह पोसवाल सहित स्टाफ मौजूद रहा।
नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर मिले 20 एंटीवेनम
दबतोरी। विशेष सचिव संजय कुमार यादव ने ग्राम दबतोरी के नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक विद्यालय तथा आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। सांप के डसने पर लगने वाली वैक्सीन की उपलब्धता जानी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी पंकज शर्मा ने 20 एंटी वेनम मौजूद बताईं। प्राथमिक विद्यालय में 104 छात्र पंजीकृत मिले। उन्होंने दिव्यांग छात्रों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए और गर्भवती महिलाओं को फलों की टोकरी दी। संवाद
बच्चों को संचारी रोगों से बचाव के लिए किया जागरूक
जगत। अपर निदेशक चिकित्सा एवं परिवार कल्याण बरेली सीमा अग्रवाल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगत का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने संविलियन विद्यालय में बच्चों को संचारी रोगों से बचाव और साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया। मौके पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मोहम्मद असलम, शहबाज खान, मानवेंद्र सिंह मौजूद रहे। संवाद
स्मार्ट क्लास का किया निरीक्षण
सिलहरी। मिशन निदेशक राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अरुण कुमार ने ग्राम पंचायत दहेमी में दूसरे दिन भी निरीक्षण किया। प्राथमिक विद्यालय में स्मार्ट क्लास, आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य उप केंद्र और पंचायत भवन का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखीं। एसडीएम सांई आश्रित शाखमुरी, बीडीओ नितिन कुमार आदि मौजूद रहे। संवाद
पीएम आवास की जानी हकीकत
वजीरगंज। संविलियन विद्यालय एवं पंचायत भवन सहावरखेड़ा का निरीक्षण कर प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों से संवाद किया गया। अधिकारियों के साथ बैठक कर आकांक्षी ब्लॉक के 50 संकेतकों की प्रगति की समीक्षा की गई। संवाद
निरीक्षण के दौरान बच्चों से भी पूछे सवाल
रेहड़िया। विशेष सचिव संजय कुमार यादव ने मंगलवार को विकासखंड वजीरगंज कार्यालय समेत क्षेत्र के विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वनकोटा और पस्तौर क्षेत्र में भी पहुंचकर विकास कार्यों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान विशेष सचिव ने विद्यालय में शैक्षिक व्यवस्थाओं, साफ-सफाई और विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से सवाल पूछे और गुणवत्ता परखी। बीडीओ शैली गोविल ने बताया कि निरीक्षण के दौरान विद्यालय की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। अधिकारियों को विकास कार्यों और विद्यालयों की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
सालारपुर ब्लाक में लखनऊ के अधिकारियों की टीम। संवाद