दातागंज (बदायूं)। नगर के अरेला मोहल्ला निवासी वार्ड सदस्य द्वारा की गई प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उसके सहयोगियों को भी तलाश की लेकिन कोई पकड़ा नहीं गया है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
फेसबुक पर टिप्पणी का मामला मंगलवार देर शाम का है। बताते हैं कि उस वक्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के नाम संबोधन कर रहे थे। उनका संबोधन जैसे ही समाप्त हुआ कि तभी नगर के अरेला मोहल्ला निवासी वार्ड सदस्य शोएब अंसारी ने उनके खिलाफ फेसबुक पर एक आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। कुछ ही देर में ये टिप्पणी वायरल हो गई। इधर, जब नगर के मंडल अध्यक्ष राजीव कुमार तोमर को इस बारे में पता चला तो उन्होंने तुरंत पुलिस को आरोपी के खिलाफ शिकायती पत्र दिया। जिस पर पुलिस ने देर रात वार्ड सदस्य शोएब अंसारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। कोतवाली पुलिस ने उसी समय आरोपी की तलाश में दबिश दी लेकिन तब तक वार्ड सदस्य अपने घर से निकल कर भाग गया। बुधवार शाम उसे कस्बे से गिरफ्तार कर लिया। बताते हैं कि फेसबुक पर टिप्पणी करने के मामले में नगर के कुछ और लोग भी सहयोग कर रहे थे। अभी उनके नाम उजागर नहीं हुए हैं। पुलिस ने सहयोगियों की तलाश में मंगलवार रात दबिश दी थी लेकिन कोई आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी है।