बदायूं। जिले के उझानी कोतवाली क्षेत्र में किन्नरों की आपसी रंजिश के चलते एक महिला की अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।
उझानी के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह मजदूरी कर अपनी पत्नी और तीन बच्चों का भरण-पोषण करता है। उसके अनुसार उसकी पत्नी का भाई बचपन से किन्नर था और लगभग 12 वर्ष पूर्व किन्नरों के एक समूह में शामिल हो गया था।
गुरु द्वारा नाम दिए जाने के बाद वह उझानी, बिल्सी, मुजरिया और कछला क्षेत्र में बधाई मांगने का कार्य करता है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि कुंवरगांव क्षेत्र का एक किन्नर उसके साले से रंजिश रखता है। इसी रंजिश के चलते 15 फरवरी को उसकी पत्नी की फोटो सोशल मीडिया से लेकर अश्लील रूप में एडिट कर फेसबुक और इंस्टाग्राम पर वायरल कर दी गईं।
इतना ही नहीं, एक आपत्तिजनक ऑडियो क्लिप भी प्रसारित की गई, इसमें उसके साले को जान से मारने की धमकी दी गई है। पीड़ित का कहना है कि इस कृत्य से उसके परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को गहरा आघात पहुंचा है और मानसिक उत्पीड़न की स्थिति बन गई है। उसने आरोप लगाया कि आरोपी की ओर से आत्महत्या के लिए उकसाने जैसी बातें भी कही जा रही हैं।
बताया गया कि 16 फरवरी को मामले की शिकायत स्थानीय थाने में की गई, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।
एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।