उसहैत क्षेत्र के गांव भुंडी निवासी युवक ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किया। आरोप है कि वीडियो में वह प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के खिलाफ अपशब्द बोल रहा है। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बदायूं के उसहैत थाना क्षेत्र में एक युवक ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया अपलोड कर दिया। आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
विज्ञापन
उसहैत कस्बे के वार्ड नंबर पांच निवासी टिंकू राठौर का कहना है कि वह सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते हैं। दो दिन पहले उन्होंने सोशल मीडिया फेसबुक पर एक आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित होता देखा था। यह आपत्तिजनक वीडियो उसहैत थाना क्षेत्र के गांव भुंडी निवासी निशरत खान पुत्र इदरीश की फेसबुक आईडी पर पोस्ट किया गया था।
उस वीडियो में निशरत खान प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक शब्द बोल रहा था। उसके शब्द सुनकर उन्हें काफी दुख हुआ। इसके बाद उन्होंने थाने जाकर आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
विज्ञापन
इंस्पेक्टर अजय कुमार सिंह ने बताया कि इसमें तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी को तलाश कराया जा रहा है। उसे जल्द ही गिरफ्तार करके जेल भेज दिया जाएगा।