एक साल पहले शादी समारोह में बदायूं आई थी
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। शाहजहांपुर की एक युवती के आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड करने का मामला सामने आया है। युवती का कहना है कि वह करीब एक साल पहले बदायूं आई थी। तब एक युवक ने उसके फोटो खींचे थे। युवती ने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
पीड़ित युवती शाहजहांपुर के गढि़या रंगीन थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। उसका कहना है कि वह एक साल पहले अपनी मौसेरी बहन की शादी में उसावां थाना क्षेत्र के एक गांव में आई थी। उस समारोह में उसके बहनोई का भाई फोटो खींच रहा था। बाद में युवक अलग-अलग मोबाइल नंबरों से उसको कॉल करने लगा। उसके साथ गालीगलौज भी की।
वह कुछ कहती है तो जान से मारने की धमकी देता। अभी कुछ दिन पहले आरोपी ने उसके आपत्तिजनक फोटो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिए। जब कुछ लोगों की उसके मोबाइल नंबर पर कॉल आई तब उसे फोटो पोस्ट करने के संबंध में जानकारी हुई। उसके बाद युवती ने उसावां थाने आकर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है। एसओ मान बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट लिखी गई है। विवेचना में जो बातें सामने आएंगी, उसके अनुसार कार्रवाई होगी।