आरटीआई कार्यकर्ता आसिम उमर की ओर से उठाया गए क्लीनिक, नर्सिंग होम और गेस्ट हाउस आदि के मामले में नगर परिषद प्रशासन ने लाइसेंस की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्हें चिह्नित कर एडीएम प्रशासन को रिपोर्ट सौंप दी है।
नगर परिषद प्रशासन की ओर से रिपोर्ट शनिवार को एडीएम प्रशासन को जो रिपोर्ट सौंपी गई, उसमें निजी क्लीनिक की संख्या 14 बताई गई है। एक पैथालॉजी लैब, चार नर्सिंग होम, एक प्रसूतिगृह, दो डेंटल क्लीनिक शामिल हैं। नगर में दो गेस्ट हाउस संचालित होने की भी पुष्टि करते हुए रिपोर्ट में किसी भी संचालिक द्वारा नगर परिषद प्रशासन से लाइसेंस हासिल नहीं करने का जिक्र किया है।
बता दें कि आसिम ने इसी मुद्दे पर नगर परिषद प्रशासन से दो बार आरटीआई डाली थी लेकिन दोनों ही बार जवाब में असमानता उजागर हुई। मामला एडीएम के समक्ष पहुंचा तो नए सिरे से रिपोर्ट तैयार कर सौंप दी गई। इधर, ईओ ललतेश सक्सेना ने बताया कि निजी क्लीनिक और गेस्ट हाउस संचालकों को लाइसेंस हासिल करने के लिए नोटिस भेजे जा रहे हैं। नोटिस के बाद भी किसी ने लाइसेंस नहीं बनवाया तो उसके खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।