बदायूं। अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस पर जिले भर के स्वास्थ्य केंद्रों पर कार्यक्रम हुए।
इसी क्रम में राजकीय मेडिकल कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में आधुनिक नर्सिंग के जनक फ्लोरेंस नाइटिंगेल को श्रद्धांजलि दी गई। नर्सिंग कर्मियों को उनके अमूल्य योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की थीम ‘हमारी नर्सें, हमारा भविष्य : सशक्त नर्सें जीवन बचाती हैं’ रही। मुख्य अतिथि कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि नर्सें स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं। उनकी सेवा, समर्पण और संवेदनशीलता समाज के लिए प्रेरणा स्रोत है।
नर्सिंग कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रोफेसर डॉ. श्रीनिवासन ने फ्लोरेंस नाइटिंगेल के जीवन और नर्सों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विपिन और वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी सुनीता देवी भी उपस्थित रहे। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र और पदक प्रदान किए गए। नर्सिंग छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
बिल्सी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर शुभारंभ चिकित्साधीक्षक डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने दीप जलाकर किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में नर्सों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। डॉ. गुप्ता ने कहा कि चिकित्सक मरीज का उपचार करता है, लेकिन उसकी चौबीस घंटे सेवा और देखभाल की जिम्मेदारी नर्सों पर होती है।
उन्होंने नर्सों को स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ बताते हुए उनके निस्वार्थ सेवा भाव, धैर्य और समर्पण की सराहना की। साथ ही फ्लोरेंस नाइटिंगेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि नर्सें सेवा और मानवता की सच्ची प्रतिमूर्ति हैं। कार्यक्रम के दौरान अस्पताल में बेहतर कार्यशैली और मरीजों के प्रति उत्कृष्ट सेवा भाव रखने वाली कई नर्सों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
उपस्थित सभी स्टाफ सदस्यों ने अपने कर्तव्यों के प्रति ईमानदारी और सेवा भावना से कार्य करने की सामूहिक शपथ भी ली। बाद में नर्सिंग स्टाफ ने चिकित्सकों के साथ केक काटा। कार्यक्रम में स्टाफ नर्स साक्षी सक्सेना, सपना सक्सेना, प्रतीक्षा भारद्वाज, अमृता सिंह, सुकृति त्रिपाठी, पूजा, लता सक्सेना, साधना सिंह, नाज़नीन, संगीता शाक्य, उर्मिला सहित अस्पताल का समस्त नर्सिंग व पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहा।
पीएचसी म्याऊं में नर्सों को किया सम्मानित
म्याऊं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर मंगलवार को स्वास्थ्य कर्मियों एवं नर्सिंग स्टाफ ने केक काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान सभी नर्सों को सम्मानित भी किया गया। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे। संवाद
अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस पर बिल्सी सीएचसी पर हुए कार्यक्रम में हिस्सा लेती नर्स। संवाद
अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस पर बिल्सी सीएचसी पर हुए कार्यक्रम में हिस्सा लेती नर्स। संवाद
अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस पर बिल्सी सीएचसी पर हुए कार्यक्रम में हिस्सा लेती नर्स। संवाद