बदायूं। पुराने मीटरों में बिल में गड़बड़ी की अक्सर शिकायतें रहती हैं। इस तरह के लगभग 24 हजार मामले हर माह विद्युत निगम में पहुंच रहे हैं। समस्या से निजात दिलाने के लिए अब जिले में 4,80,965 स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। पहले चरण में सरकारी कार्यालयों में स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। इसका मकसद लोगों में इसके प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करना है।
जिले में विद्युत निगम के 4.8 लाख उपभोक्ता हैं, जिनके बिल निकालने के लिए मीटर रीडर हर माह उनके घर पहुंचते हैं। इसमें उपभोक्ताओं की अक्सर शिकायत रहती है कि बिल ज्यादा आ गया है। मीटर में दो-तीन किलोवॉट का बिल दर्शाया जा रहा है, जबकि कई मामलों में वास्तविकता में उपभोक्ता के पास कम वॉट का दिया जाना चाहिए था।
बिलिंग, मीटर में गड़बड़ी सहित तरह-तरह की समस्याओं से जुड़ीं हर माह 24 हजार शिकायतें निगम में पहुंच रहीं हैं, जिन्हें निस्तारित करने में भी समय लग रहा है। ऐसे में उपभोक्ताओं को कई-कई बार उपकेंद्र के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। नई व्यवस्था के तहत जिले में 4.8 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जाने हैं। पहले चरण में सरकारी कार्यालयों में मीटर लगाए जा रहे हैं। अब तक 18 हजार मीटर लगाए जा चुके हैं, हालांकि अब तक इनका संचालन शुरू नहीं हो सका है।
समय पर पहुंचेगा बिल जमा करने का आएगा मैसेज
अभी मीटर रीडर माह की शुरुआत से लेकर अंत तक घर-घर जाकर मीटरों की रीडिंग लेते हैं। इसमें काफी समय लग जाता है। नई व्यवस्था के तहत सभी उपभोक्ताओं को एक ही दिन में मैसेज पहुंच जाएगा, ताकि वह बिल जमा कर सकें।
दिसंबर तक सभी घरों में स्मार्ट मीटर लगाने का है लक्ष्य
जिले में एक निजी कंपनी की ओर से स्मार्ट मीटर लगाने के लिए सर्वे कराया गया था। इसमें 4.8 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जाने की रिपोर्ट निगम को दी गई। पहले चरण में सरकारी कार्यालयों में मीटर इसलिए लगाए जा रहे हैं ताकि जनता को इसका उदाहरण दिया जा सके। सभी मीटर दिसंबर तक लगा दिए जाएंगे।
बिल में गड़बड़ी की अक्सर शिकायतें आती रहती हैं। इससे उपभोक्ताओं को उपकेंद्रों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। जिले में स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। इनके लगने के बाद बिलों में गड़बड़ी की शिकायत नहीं आएगी। -अखिलेश कुमार, अधीक्षण अभियंता, विद्युत निगम
बिजली चोरी में आठ पर रिपोर्ट, 75 कनेक्शन काटे
बदायूं। विद्युत निगम की विजिलेंस टीम ने शनिवार को शहर के कई मोहल्लों में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान अधिशासी अभियंता संजीव कुमार, उपखंड अधिकारी सुमित कुमार साहू ने विभाग के कर्मचारियों के साथ मोहल्ला सोता, कादरी कॉलोनी, चक्कर की सड़क आदि जगहों पर 75 कनेक्शन काटे व आठ लोगों के मीटर संदिग्ध होने पर उन्हें बदलवा दिया। निगम की टीम ने आठ लोगों के विरुद्ध विद्युत चोरी के मुकदमे भी दर्ज कराए हैं। संवाद