नगर पालिका की मनमानी से हो सकता बड़ा हादसा
शहर के मोहल्ला श्यामनगर कॉलोनी के खुले मेनहोल नगर पालिका परिषद ने अब तक सही नहीं कराए हैं। इससे गुजरने वाले राहगीरों, वाहन चालकों और बच्चों के साथ कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ऐसा तब किया जा रहा है, जब इस मामले में कई बार धरना-प्रदर्शन और जिला स्तरीय अधिकारियों को भी अवगत कराया जा चुका है।
शहर के सुप्रसिद्ध बिरुआबाड़ी मंदिर के सामने जलभराव होने से श्रद्धालुओं को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। मामले को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया तो नगर पालिका परिषद ने नाले की सफाई करा दी, जबकि श्यामनगर कॉलोनी के बाशिंदों ने उनकी गली के मेनहोल पर पटरी न डालने और नाले को एक ओर करने की मांग की थी। इस पर नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों ने ध्यान नहीं दिया। नाले की सफाई होने के बाद नगर पालिका कर्मचारियों ने खुले मेनहोल को पटरी से ढकने की बात कही थी, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई काम नहीं किया गया है। यदि वहां पर खुले मेनहोल की वजह से कोई बड़ा हादसा हो गया तो लोगों के उग्र होने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है। क्योंकि नाले को एक साइड से बनाने और मेनहोल को बंद करने की मांग को लेकर कई बार शिकायतें हो चुकी हैं।