डीएम ने पड़ौआ गांव के आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया
जिले में कुुपोषित और अति कुपोषित बच्चों को गंभीरता को लेकर जिलाधिकारी अनिता श्रीवास्तव ने बाल विकास अधिकारियों और आंगनबाड़ी वर्करों को हिदायत दी है कि अति कुपोषित बच्चों की देखरेख और पोषण के लिए किए जा रहे प्रयासों में लापरवाही न बरती जाए और अति कुपोषित बच्चों को जिला चिकित्सालय स्थित पोषण केंद्र में प्राथमिकता के आधार पर भर्ती कराया जाए।
शनिवार को डीएम ने ब्लाक जगत के पड़ौआ के आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनबाड़ी वर्कर से पोषाहार और अन्य खाद्य संबधी जानकारी ली। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं से भी पूछताछ की। ग्राम पड़ौआ में दोनों केंद्रों पर आठ अति कुपोषित बच्चे मिले। अति कुपोषित बच्चों को जिला अधिकारी ने आंगनबाड़ी वर्करों को जिला अस्पताल के पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराने का आदेश दिया है। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी नीतीश कुमार, बाल विकास अधिकारी सुधारानी चौरसिया, सुपरवाइजर राधा यादव और हरिमोहन आदि मौजूद रहे।