चार एमओआईसी निशाने पर डीएम ने दी चेतावनी
टीकाकरण कार्यक्रम में जनपद में सबसे खराब स्थिति सहसवान, दहगवां, आसफपुर एवं बिनावर पीएचसीए-सीएचसी की पाए जाने पर जिलाधिकारी सीपी त्रिपाठी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने चारों एमओआईसी को लिखित चेतावनी जारी करने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्यों में रुचि न लेने वाले एमओआईसी को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सोमवार को विकास भवन स्थित सभा कक्ष में सीडीओ प्रताप सिंह भदौरिया सहित स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों के साथ जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। टीकाकरण कार्यक्रम में चार पीएचसी, सीएचसी की स्थिति अत्यंत दयनीय पाए जाने पर जिलाधिकारी ने जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आरएन हरित को निर्देश दिए कि वह स्वयं चारों स्थानों पर जाकर पता लगाएं कि क्या कारण है कि स्थिति खराब है, क्या दिक्कतें आ रही हैं? इसकी जांच कर तीन दिन में रिपोर्ट दें। जिलाधिकारी ने कादरचौक के एमओआईसी के गैरहाजिर होने पर जबाव तलब करने के निर्देश दिए।
सात अप्रैल से फिर चलेगा इंद्रधनुष फेस थ्री
बदायूं। जनपद में सात अप्रैल से जुलाई माह तक मिशन इंद्र धनुष फेस थ्री चलाया जाएगा, जिसमें शून्य से दो वर्ष तक के बच्चों को विभिन्न बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण किया जाएगा। जिलाधिकारी सीपी त्रिपाठी ने प्रत्येक माह की सात से तेरह तारीख तक अवकाश के दिनों में भी इंद्र धनुष कार्यक्रम के तहत टीकाकरण करने के निर्देश दिए हैं। इससे पूर्व चलाए गए मिशन इंद्र धनुष कार्यक्रम मेें शत-प्रतिशत बच्चों का टीकाकरण नहीं हो सका था। जिलाधिकारी ने इस बार शत-प्रतिशत बच्चों का टीकाकरण करने के निर्देश देते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सचेत किया है कि इस कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता को बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
16 से पिलाई जाएगी पोलियो खुराक
बदायूं। इस बार पोलियो वैक्सीन बूथ स्तर पर नहीं पिलाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग के कार्यकर्ता 16 से 20 अप्रैल तक घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाएंगे। छूटे हुए बच्चों को बी टीम द्वारा 21 अप्रैल को पुन: घर-घर जाकर पोलियो वैक्सीन दी जाएगी। जिलाधिकारी सीपी त्रिपाठी ने निर्देश दिए हैं कि इस कार्यक्रम में कोई भी बच्चा पोलियो वैक्सीन पीने से वंचित न रहे। कार्यक्रम में सहयोग न करने वाली आगंनबाड़ी कार्यकत्री, एएनएम और आशा कार्यकत्री पर कार्रवाई की जाएगी।