व्यापार मंडल के सहयोग न करने से सराफा व्यापारियों में रोष
सेंट्रल एक्साइज कानून और दो लाख रुपये से अधिक की खरीद पर पैन कार्ड की अनिवार्यता हटाए जाने की मांग को लेकर सराफा व्यापारियों का आंदोलन दिन ब दिन खिंचता जा रहा है। इससे छोटी पूंजी वाले सराफा व्यापारी और कारीगरों के सामने आर्थिक संकट पैदा होने लगा है, लेकिन सराफा व्यापारी उनकी मांग पूरी न होने तक डटे रहने की बात पर अड़े हुए हैं। वहीं व्यापार मंडल द्वारा हड़ताल में सहयोग न करने को लेकर सराफा व्यापारियों में रोष व्याप्त रहा।
सराफा व्यापारियों ने सोमवार को 35 वें दिन धरने के दौरान कहा कि आधुनिक भारत के सपने संजो रही मोदी सरकार सराफा व्यापारियों को को मौत के मुंह में ढकेलने का काम कर रही है। कहा उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल मिश्रा गुट के व्यापार बंदी में प्रदेश भर में सहयोग करने के बावजूद केंद्र सरकार उन लोगों की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दे रही है, लेकिन जिले के व्यापार मंडल समिति ने राष्ट्रपति को ज्ञापन देकर अपने कर्तव्यों की इतिश्री कर ली है। सराफा व्यापारियों ने कहा कि हितों के संरक्षण के लिए वे लोग धरना प्रदर्शन जारी रखेंगे। इस मौके पर जिलाध्यक्ष सूर्य प्रकाश गुप्ता, अरविंद गुप्ता, आशू कटारिया, अमित वैश्य, अमित वर्मा, सचित वैश्य, नितिन वर्मा, सचिन गुप्ता, प्रांजल गुप्ता, हरी मराठा, राजीव मराठा, संजय राणा, अर्जुन रस्तागी, जयदीप, शोभित, अनूप, किशन, नवीन आदि मौजूद रहे।