विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। इसके साथ ही सुबह शुक्रवार से कलक्ट्रेट में बनाए गए नामांकन केंद्रों पर सुबह 11 से शाम तीन बजे तक कड़ी सुरक्षा में नामांकन कराए जाएंगे। नामांकन की सारी तैयारियां जिला निर्वाचन अधिकारी पवन कुमार के निर्देशन मे पूरी कर ली गई हैं। नामांकन के दौरान कलक्ट्रेट में बाहरी लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। प्रत्याशी भी सीमित लोगों के साथ ही नामांकन कराने जा सकेंगे। बाकी लोगों के अंदर जाने पर रोक रहेगी। नामांकन प्रक्रिया 27 जनवरी तक चलेगी।
नामांकन कराने के लिए प्रत्याशियों के साथ जाने वाले प्रस्तावकों और उनके समर्थकों की वीडियोग्राफी कलक्ट्रेट गेट से लेकर नामांकन कक्ष तक हर गतिविधि की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। कलक्ट्रेट परिसर में चारों ओर से बेरीकेडिंग कराए जाने के साथ ही नामांकन पत्रों को सुरक्षित रखने के लिए बक्सों तक सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। नामांकन के लिए विधानसभावार स्थल बनाए गए हैं। कलक्ट्रेट के प्रवेश द्वार से उन तक पहुंचने के लिए बेरीकेडिंग की गई है। वहीं, जिला निर्वाचन अधिकारी पवन कुमार ने उप जिला निर्वाचन अधिकारी हवलदार यादव, एडीएम प्रशासन अजय श्रीवास्तव एवं एसपी सिटी अनिल यादव के साथ नामांकन कक्षों का निरीक्षण करके व्यवस्थाएं देखीं।
अदेयता का शपथपत्र देना होगा
बदायूं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार इस बार विधानसभा चुनाव में नामांकन पत्र दाखिल करने के संबंध में तीन नए संशोधन किए गए हैं। प्रत्याशियों को नामांकन पत्र दाखिल करने के साथ सरकारी देय बकाया तो नहीं है। इसका शपथपत्र देना होगा। इस बार नामांकन पत्र के साथ फोटोग्राफ लिए जाएंगे। नामांकन पत्र में नागरिकता कॉलम में भारत का नागरिक होने की जानकारी देनी होगी। बताना होगा कि उन्होंने अन्य विदेशी नागरिकता हासिल नहीं की है।
10 हजार है नामांकन फीस
सामान्य जाति के प्रत्याशियों के नामांकन के लिए दस हजार रुपये व अनुसूचित जाति, जनजाति के प्रत्याशी को पांच हजार रुपये नामांकन शुल्क निर्धारित है। अनुसूचित जाति के प्रत्याशियों को जाति प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने पर ही पांच हजार रुपये का नामांकन शुल्क लिया जाएगा।
कौन कितने ले जाएगा प्रस्तावक
राजनीतिक दलों के प्रत्याशी खुद समेत पांच लोग ही नामांकन कराने जा सकेंगे और निर्दलीय प्रत्याशी के साथ 10 लोग जा सकेंगे लेकिन निर्दलीय प्रत्याशियों के 10 प्रस्तावक तीन बार में जा सकेंगे। पहली बार में जाने वाले प्रस्तावकों के नामांकन कक्ष से बाहर आने के बाद ही दूसरे पांच और तीसरी बार में शेष एक प्रस्तावक नामांकन कक्ष के अंदर जा सकेगा। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नामांकन के लिए राष्ट्रीय एवं राज्यीय दलों के प्रत्याशियों को एक प्रस्तावक और शेष राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों एवं निर्दलीय प्रत्याशी को 10 प्रस्तावकों की आवश्यकता होगी, लेकिन नामांकन कक्ष में केवल पांच लोगों के एक बार में अंदर जाने का नियम है। ऐसे में उन प्रत्याशियों के साथ जाने वाले शेष छह प्रस्तावक नामांकन कक्ष के बाहर ही रहेंगे। इससे बड़े दलों को छोड़कर अन्य प्रत्याशियों के प्रस्तावकों को इंतजार करना पड़ेगा।
-पवन कुमार, जिला निर्वाचन अधिकारी
कहां किस विस के लिए होंगे नामांकन
बिसौली विधानसभा (112) अनुसूचित जाति
नामांकन स्थल- एडीएम वित्त एवं राजस्व न्यायालय
रिटर्निंग ऑफीसर- एसडीएम बिसौली रामदत्त राम
प्रवेश द्वार- कलक्ट्रेट पश्चिमी गेट
-------
सहसवान विधानसभा (113)
नामांकन स्थल- सूचना भवन
रिटर्निंग ऑफीसर- एसडीएम सहसवान दिनेश कुमार
प्रवेश द्वार- कलक्ट्रेट पूर्वी गेट
-------
बिल्सी विधानसभा (114)
नामांकन स्थल- एडीएम प्रशासन न्यायालय
रिटर्निंग ऑफीसर- एसडीएम बिल्सी विधान जायसवाल
प्रवेश द्वार- कलक्ट्रेट पूर्वी गेट
------
बदायूं विधानसभा (115)
नामांकन स्थल- जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय
रिटर्निंग ऑफीसर- सिटी मजिस्ट्रेट श्रीराम यादव
प्रवेश द्वार- कलक्ट्रेट पश्चिमी गेट
------
शेखूपुर विधानसभा (116)
नामांकन स्थल- उप संचालक चकबंदी न्यायालय
रिटर्निंग ऑफीसर- एसडीएम सदर जंगबहादुर यादव
प्रवेश द्वार- कलक्ट्रेट पूर्वी गेट
--------
दातागंज विधानसभा (117)
नामांकन स्थल- चकबंदी अधिकारी सदर न्यायालय
रिटर्निंग ऑफीसर- एसडीएम दातागंज हरीराम यादव
प्रवेश द्वार- कलक्ट्रेट पूर्वी गेट
-------
इस्लामियां मैदान रहेगा पार्किंग स्थल
बदायूं। नामांकन कराने के लिए आने वाले प्रत्याशियों के वाहन इस्लामियां इंटर कॉलेज में बनाए गए पार्किंग स्थल में खड़े कराए जाएंगे। किसी भी प्रत्याशी का वाहन कलक्ट्रेट परिसर में प्रवेश नहीं करना दिया जाएगा। इसके लिए कलक्ट्रेट पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। कॉलेज से प्रत्याशियों को पैदल ही आना होगा।