सिलहरी। पांच दिन पहले कार में हवा डलवाने घर से निकले यू-ट्यूबर का सुराग नहीं लगा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा है। पुलिस कॉल डिटेल खंगाल रही है। पुलिस को अभी ऐसा कोई साक्ष्य नहीं मिला है, जिससे पता लग सके कि युवक कहां और किस हाल में है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोहल्ला लोची नगला निवासी सुभाष श्रीवास्तव का छोटा बेटा और पत्नी व बड़ा बेटा अरविंद उर्फ सुनील प्रॉपर्टी का काम करता था। वह यू-ट्यूबर भी थे और रील बनाकर सोशल मीडिया पर डालते थे। पत्नी भी यूट्यूब पर वीडियो डालती है। लोची नगला में अपने घर में ही अपना ऑफिस बना रखा है। उनकी पत्नी प्रियंका ने थाना सिविल लाइंस में एक प्रार्थना पत्र देकर बताया है कि उनके पति अरविंद बुधवार की शाम पांच बजे घर से कार के पहिया में हवा डलवाने को कहकर गए थे। जब उन्हें ज्यादा देर हो गई तो फोन किया तब अरविंद ने कहा कि थोड़ी देर में आ रहा हूं। फिर एक घंटा इंतजार करने के बाद फोन किया तो बंद आने लगा। उसके बाद वह परेशान हो गए। इधर-उधर तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई। वहीं, हीरो मोटर साइकिल एजेंसी उझानी के सीसी कैमरे की फुटेज में गाड़ी छह बजकर 49 मिनट पर कछला की तरफ जाती हुई दिखी है।
इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि महिला की आखिरी फोन कॉल लापता युवक के मोबाइल में पाई गई है। लापता युवक ने महिला यूट्यूबर की कॉल को डिलीट कर दिया। अलग-अलग एंगिल से जांच की जा रही है। लापता युवक की कार और मोबाइल कछला से मिली है, लेकिन उसका मोबाइल फ्लाइट मोड पर पाया गया है।