बदायूं। डीएम के आदेश के बावजूद नगर पंचायत सखानूं के लिपिक जहीरुल ने अब तक नगर पालिका बदायूं में पदभार ग्रहण नहीं किया है। डीएम ने लिपिक का वेतन रोकते हुए उससे स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने निर्देश दिए है कि सभी अधिकारी व कर्मचारी समय से अपने-अपने कार्यालय में उपस्थित होकर कार्य करें। उन्होंने गृह और जलकर वसूली के भी निर्देश दिए।
मंगलवार को डीएम कुमार प्रशांत ने सीडीओ निशा अनंत व अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें सिटी मजिस्ट्रेट/ईओ अमित कुमार ने डीएम को अवगत कराया कि उनके द्वारा दिए गए आदेश के बावजूद नगर पंचायत सखानूं के लिपिक जहीरुल ने अब तक नगर पालिका में पदभार ग्रहण नहीं किया है। डीएम ने लिपिक का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए हैं। वहीं डीएम ने निर्देश दिए कि सभी नगर पालिका, नगर पंचायतों में पब्लिक एड्रेस सिस्टम (पीएएस) के माध्यम से कोरोना वायरस से बचाव व अन्य जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक किया जाए।
सखानूं व सहसवान के मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर पर कार्य अभी तक प्रारंभ नहीं हुए हैं, इसको जल्द शुरू कराएं। कूड़ा उठाने के लिए बीएसएक्स वाले ही वाहन खरीदे जाएं। कूड़ा उठाने वाले वाहनों के पीछे डाला अवश्य लगा हो, जिससे कूड़ा सड़क पर न गिरने पाए। सभी नगर पालिका व नगर पंचायतों में कूड़ेदान रखवाए जाएं। जिन व्यक्तियों ने स्वच्छ भारत योजना तहत धनराशि प्राप्त कर ली है और शौचालय नहीं बनवाए हैं, उनसे धनराशि की वसूली की जाए। वहीं डीएम ने सभी ईओ को नगर पालिका व पंचायतों की आय बढ़ाने के लिए गृह और जलकर की वसूली करने के निर्देश दिए। डीएम ने निर्देश दिए कि जिन लोगों को नगर पालिका व पंचायतों की दुकानें आवंटित हुई थी और उन्होंने किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी हैं, उनका अनुबंध समाप्त कर किसी अन्य व्यक्ति को दुकान दी जाएं। नई व पुरानी आंवटित दुकानों का किराया मार्केट रेट के अनुसार निर्धारित किया जाए।