बदायूं। नेहरू चौक बाजार की दुकानों से 25 लाख की चोरी के मामले का पुलिस चौथे दिन भी खुलासा नहीं कर सकी। इस मामले में पुुलिस की चार टीमें 24 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ कर चुकी हैं।
शहर की नेहरू चौक बाजार में तीन दुकानों में चोरी की घटना ने पुलिस की कमियां भी उजागर की हैं। घटना के खुलासा के लिए एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने चार टीमों का गठन किया था। पुलिस टीमें पुरानी चोरी के मामले में जेल से बाहर जमानत पर घूम रहे आरोपियों को उठाकर पूछताछ कर रही हैं।
टीमों ने आसपास की दुकानों के 12 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे चेक किए हैं। हालांकि अभी कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। गौरतलब है कि पिछले बृहस्पतिवार की देर रात चोरों ने नेहरु चौक बाजार में छतों से घुसकर तीन दुकानों से करीब 25 लाख की चोरी की थी, जबकि तीन अन्य दुकानों में चोरी नहीं कर सके थे।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि चोरी के मामले में चार टीमें लगाई गई हैं। संदिग्धों से पूछताछ जारी है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।