बदायूं। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित जिला अस्पताल परिसर में शनिवार की दोपहर डॉ. विकास शर्मा से 25 हजार रुपये की लूट होने के मामले में पुलिस को जांच में अब तक लूट होने के संबंध में कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। पुलिस लूट को संदिग्ध मानते हुए जांच कर रही है। वहीं पुलिस ने इस घटना में डॉक्टर का मोबाइल चोरी होने की रिपोर्ट कोतवाली थाने में दर्ज कर ली है।
जिला अस्पताल परिसर में ब्लड बैंक पुरुष चिकित्सालय में एमओ के पद पर तैनात डॉ. विकास शर्मा ने शनिवार को पुलिस को सूचना दी कि जिला अस्पताल में मोर्चरी के पास दो नकाबपोश बदमाश चाकू दिखाकर उनसे 25 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जिला अस्पताल परिसर की छानबीन की। इसके बाद मुख्य गेट के कैमरे देखे तो जिला अस्पताल के मुख्य गेट के कैमरे खराब मिले। सीओ सिटी राहुल पांडेय ने बताया कि डॉक्टर से हुई लूट की घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। मोबाइल चोरी को केस दर्ज किया गया है। जांच जारी है।