बदायूं। सदर नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक सोमवार को पालिका सभागार में हुई। इसमें शहर में बेहतर साफ सफाई न होने और गर्मी में मच्छरों पर अंकुश लगाने के लिए फॉगिंग व्यवस्था सही न होने का मुद्दा सभासदों ने उठाया। बैठक में विकास, नागरिक सुविधाओं और पालिका संपत्तियों से जुड़े कई प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया। कुल 28 सदस्यों की उपस्थिति में इन प्रस्तावों पर मुहर लगी। अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष फातिमा रजा ने की।
सबसे प्रमुख प्रस्तावों में शहर के सुंदरीकरण और खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने वाले कार्य शामिल थे। बोर्ड ने प्रसिद्ध गीतकार शकील बदायूंनी पार्क के जीर्णोद्धार का प्रस्ताव पारित किया। इसके साथ ही घंटाघर क्षेत्र में पार्किंग में बैडमिंटन कोर्ट बनाने की योजना को भी मंजूरी दी गई। नेकपुर स्थित डॉ. आंबेडकर पार्क में फर्श निर्माण कार्य कराने का प्रस्ताव भी पास किया गया। बैठक में पालिका दुकानों के वारिसों के नाम नामांतरण से संबंधित प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। अग्निकांड में क्षतिग्रस्त दुकानों के पुनर्निर्माण की अनुमति भी दी गई।
दुकानों के नामांतरण प्रस्ताव पारित
बैठक में पालिका दुकानों के वारिसों के नाम किरायेदारी नामांतरण के दो प्रस्तावों पर भी विचार किया गया। साधारण प्रस्ताव संख्या एक के तहत ज्योति वैश्य ने बाजार कार्मेलगंज स्थित दुकान संख्या 56 की किरायेदारी अपने नाम करने का अनुरोध किया था। यह दुकान उनके दिवंगत पिता प्रेम प्रकाश के नाम दर्ज थी, जिसका वार्षिक किराया 2520 रुपये है। इसी प्रकार, साधारण प्रस्ताव संख्या दो में जहीर अहमद और फहीम अहमद ने उझानी सड़क स्थित दुकान संख्या 19 की किरायेदारी अपने नाम करने का आवेदन किया। यह दुकान उनके पिता अब्दुल जलील के नाम दर्ज थी, जिसका वार्षिक किराया 480 रुपये है। आवश्यक दस्तावेजों और वारिसान प्रमाण-पत्रों की जांच के बाद बोर्ड ने दोनों प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित कर दिया।
अग्निकांड प्रभावित दुकानों के पुनर्निर्माण की अनुमति
बोर्ड बैठक में अग्निकांड से क्षतिग्रस्त हुई दुकानों के पुनर्निर्माण से संबंधित एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर भी निर्णय लिया गया। साधारण प्रस्ताव संख्या तीन के अंतर्गत ज्योति वैश्य ने बाजार कार्मेलगंज स्थित अपनी दुकान संख्या 57 और 58 के पुनर्निर्माण की अनुमति मांगी थी। 15 मार्च 2026 को लगी भीषण आग में उनकी दोनों दुकानें गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई थीं। उन्होंने पालिका से इन दुकानों को तोड़कर भूतल पर नए सिरे से निर्माण की अनुमति देने का अनुरोध किया था।
पालिका अभिलेखों के अनुसार, इन दुकानों का कुल क्षेत्रफल 54.72 वर्ग मीटर है। विस्तृत चर्चा के बाद बोर्ड ने नियमों के तहत पुनर्निर्माण की अनुमति प्रदान कर दी। नगर पालिका अध्यक्ष फातिमा रजा ने बैठक के अंत में कहा कि बोर्ड के निर्णयों को जल्द से जल्द धरातल पर उतारा जाएगा। इस मौके पर ईओ विनय कुमार मणि त्रिपाठी भी मौजूद रहे।
सदस्यों ने शहर की सफाई व्यवस्था और फॉगिंग के मुद्दे उठाए
कई सदस्यों ने शहर की सफाई व्यवस्था और फॉगिंग के मुद्दे उठाए। नामित सभासद केएल गुप्ता ने कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्थ हो चुकी हो। जगह- जगह रोड पर कूड़े के ढेर लगे रहते हैं, जिससे शहर की सुंदरता पर दाग लग रहे हैं। नामित सभासद हिमांशु कठेरिया, पंकज शर्मा, दीपक सक्सेना, रचना सक्सेना ने शासन की मंशा के अनुरूप शहर की सफाई व्यवस्था व पेयजल को लेकर मुद्दे उठाए गए। कर्मचारियों की ओर से जनता के कार्यों की अनदेखी करनी की शिकायत अधिशासी अधिकारी से की गई। बैठक में दीपक सक्सेना से पंजाबी मंदिर के सामने वाली सड़क को गड्ढा मुक्त कराने की मांग की गई।