बदायूं। जिले में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत चार नवंबर से गणना प्रपत्रों का वितरण और संकलन कार्य तेज गति से चल रहा है। चार दिसंबर तक इस प्रक्रिया को पूरा करना है। जिले में कुल 24,18,408 मतदाताओं हैं। इनको बीएलओ के माध्यम से गणना प्रपत्र वितरित किया जा चुका है। अब बीएलओ घर-घर जाकर प्रपत्र भरवाकर वापस ले रहे हैं। वहीं, प्रशासन का कहना है कि फॉर्म के साथ में कोई भी अभिलेख नहीं देना है।
एडीएम एफआर डॉ. वैभव शर्मा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से गणना प्रपत्र जारी किया गया है। इस पत्र में मतदाता का नाम, पता, इपिक नंबर, विधानसभा/संसदीय क्षेत्र का विवरण और पुराना फोटो पहले से दर्ज रहता है। मतदाता को सबसे पहले हालिया पासपोर्ट साइज फोटो लगानी होगी। इसके बाद जन्मतिथि, आधार संख्या (वैकल्पिक), मोबाइल नंबर, पिता/अभिभावक का नाम, माता–पिता के इपिक नंबर (यदि उपलब्ध हों), पति/पत्नी का नाम और उनका इपिक नंबर भरना है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि गणना प्रपत्र भरते समय किसी भी प्रकार के अभिलेख को नहीं देना है। सिर्फ एक हालिया फोटो चस्पा करनी है, बाकी जानकारी दर्ज करनी होगी।
-
ऐसे भर सकते हैं ऑनलाइन फार्म
-एडीएम एफआर ने बताया कि एसआईआर फॉर्म voters.eci.gov.in पर उपलब्ध है। सबसे पहले अपना इपिक नंबर दर्ज करना होगा। यदि पहले से वोटर आईडी है, तो जानकारी स्वतः प्रदर्शित हो जाएगी। नए मतदाताओं के लिए नया फॉर्म भरने का विकल्प खुलेगा। इसके बाद नाम, आयु, लिंग और पता जैसी विवरणों की पुष्टि करें तथा आवश्यक संशोधन दर्ज करें। हाल का पासपोर्ट साइज फोटो अपलोड करना अनिवार्य है, जिसमें चेहरा स्पष्ट और आंखें खुली हों।
यदि प्रपत्र जमा नहीं हुआ तो क्या
-गणना प्रपत्र जमा न करने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति का नाम प्रकाशित मतदाता सूची में शामिल नहीं होगा। ऐसे में बाद में नाम जोड़ने के लिए अलग से आवेदन करना पड़ेगा। ऐसे में नाम जोड़ने में काफी कठिनाई भी हो सकती है। इससे बचने के लिए एसआईआर फॉर्म भरें, ताकि प्रत्येक मतदाता का नाम सूची में शामिल हो सके।
-
आज खुले रहेंगे सभी परिषदीय विद्यालय
-एसआईआर को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने निर्देश दिए हैं। इसमें कहा कि 23 नवंबर को कक्षा एक से आठ तक के सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, संविलियन विद्यालय यथावत खुलेंगे। इसमें विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहकर एसआईआर फार्म के भरवाए जाने में पूर्ण सहयोग करेंगे। बीएसए ने सभी बीईओ को निर्देशित किया है इसका कड़ाई से पालन कराएं।
-
-
एसआईआर की प्रगति की ली जानकारी
प्रभारी डीएम डॉ. वैभव शर्मा ने सीडीओ केशव कुमार के साथ में कलक्ट्रेट में सभी एईआरओ की बैठक ली। इनमें उन्होंने एसआईआर के साथ में सभी से जानकारी ली। कहा कि सभी लोग मन लगाकर काम करें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होने चाहिए। प्रभारी डीएम ने सभी एईआरओ से गणना प्रपत्र वितरण के बारे में पूछा। उसके बाद में फॉर्म जमा होने की प्रगति और एप पर फॉर्म अपलोड करने के बारे में जानकारी ली।