बैंकों की तरह अब डाकघरों के सारे खातों को भी आधार कार्ड से लिंक किया जा रहा है। पुराने खातेधारों के आधार कार्ड लेने के लिए डाक विभाग पोस्टमैन और पोस्ट मास्टर का सहारा ले रहा है। नए खातों को आधार कार्ड लेने के बाद ही खोला जा रहा है। नोटबंदी के बाद डाक विभाग की योजना बचत, चालू और सावधि के सारे पुराने और नए खातों को जल्द से जल्द आधार कार्ड से लिंक करने की है।
राशनकार्ड से लेकर बैंक खातों तक सब कुछ आधार कार्ड से लिंक किया जा रहा है। इसी कड़ी में डाक विभाग ने भी अपने यहां खुले खातों को आधार कार्ड से लिंक करना शुरू कर दिया। डाक विभाग नए खुलने वाले खातों में आधार कार्ड की मांग कर रहा है। इसके लिए पोस्टमैन खाता धारकों को घर-घर जाकर सूचित कर रहे हैं। निकासी और जमा करने डाकघरों में आ रहे खाताधारकों से भी आधार कार्ड मांगे जा रहे हैं। पोस्ट मास्टर भी प्राथमिकता से खातों को आधार कार्ड से लिंक करा रहे हैं। इस बारे में जानकारी देते हुए डाक अधीक्षक अरविंद शर्मा ने बताया कि जिले में बड़ी संख्या में पुराने खातों को लिंक किया जा चुका है, जबकि नए खातों को बिना आधार कार्ड के खोलना बंद कर दिया है। जल्द ही शत प्रतिशत खातों को आधार कार्ड से लिंक कर दिया जाएगा।