पंचायत चुनाव की तैयारियों के तहत पिछड़ी जाति की गणना के लिए ग्राम पंचायत वार रैपिड सर्वे को लगाए गए 169 प्रगणकों में से नौ ने अभी तक अभिलेखीय सामग्री हासिल नहीं की है। बीडीओ ने लापरवाह प्रगणकों के खिलाफ कार्रवाई को रिपोर्ट भेज दी है।
ब्लॉक क्षेत्र में रैपिड सर्वे के कार्य के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर पिछले दिनों ट्रेनिंग कैंप भी लगा था। 169 शिक्षक और शिक्षिकाओं को प्रगणक की ट्रेनिंग देकर उन्हें तीन दिन पहले अभिलेखीय सामग्री प्राप्त कर लेने का निर्देश दिया गया था। एडीओ पंचायत छत्रपाल सिंह ने बताया कि 169 में से नौ प्रगणक सामग्री लेने के लिए तीसरे दिन भी ब्लॉक कार्यालय नहीं पहुंचे। ऐसे संबंधित ग्राम पंचायत में पिछड़ी जाति की गणना को रैपिड सर्वे का कार्य प्रभावित हो रहा है। रैपिड सर्वे की रिपोर्ट के आधार पर पंचायत चुनाव में आरक्षण तय होगा।
बीडीओ की ओर से एसडीएम के जरिए डीएम को भेजी रिपोर्ट में गैर हाजिर प्रगणकों में बबली यादव, महीपाल सिंह, अशोक कुमार, मेहर सैफी, अजरा बेगम, शिप्रा, नादरजहां, नेरोफर और बृजेशलता के नाम शामिल हैं। ये सभी आसपास के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में तैनात अध्यापक-अध्यापिका हैं। एडीओ पंचायत ने बताया कि एक दिन पहले संबंधित प्रगणकों को स्थानीय स्तर से बुलाने का प्रयास भी किया गया था लेकिन कोई भी नहीं पहुंचा। लापरवाह प्रगणकों के खिलाफ कार्रवाई भी तय मानी जा रही है।