इस्लामनगर। थाना क्षेत्र में जमीन के दो विवाद में नौ लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। दोनों ही मामलों में पुलिस ने शांतिभंग की कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला थाना क्षेत्र के ग्राम जारेंडा का है। यहां के निवासी योगेश कुमार ने गांव के ही पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। योगेश का आरोप है कि गांव के ही कुछ लोग जमीन को लेकर उससे रंजिश हैं। शनिवार को जब वह अपने खेत पर गया, तो आरोपितों ने उसके साथ मारपीट का प्रयास किया और जान से मारने की धमकी दी। योगेश की तहरीर पर पुलिस ने पांचों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। दूसरा मामला ग्राम मेहरोला का है। यहां के निवासी जुगेंद्र ने अपने चाचा, उनके दो पुत्रों व एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मारपीट और पथराव करने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि जमीनी विवाद के चलते आरोपितों ने उस पर हमला किया। थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश सिंह ने बताया कि दोनों ही मामलों में मुकदमे दर्ज कर जांच की जा रही है। फिलहाल शांति भंग की कार्रवाई करते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।