उझानी। जलाभिषेक से पहले अलग-अलग स्थानों पर बाइक सवार महिला समेत नौ कांवड़िये घायल हो गए। किसी की बाइक फिसल गई तो कोई दूसरे बाइक सवार से टकरा गया। पुलिस ने घायलों का प्राथमिक उपचार कराया है।
कांवड़ यात्रा में हादसे रविवार की रात से सोमवार तड़के तक बरेली-मथुरा हाईवे पर उझानी और कछला के आसपास हुए। रात करीब 10 बजे कोतवाली क्षेत्र के गांव चूड़िया निवासी करन सिंह (32) पुत्र नत्थूलाल बाइक से जल लेने कछला जा रहे थे। बाइक पर उन्हीं के गांव के अनमोल (14) पुत्र उपदेश भी बैठे थे। बाइक फिसलने से दोनों घायल होे गए। हेलमेट नहीं लगाए होने की वजह से दोनों के सिर में भी चोट आई है। पीलीभीत जिले में बरखेड़ा प्रेमपाल (30) पुत्र मेघनाथ, दिनेश कुमार (28) पुत्र तोताराम, प्रेमपाल (15) पुत्र सोमपाल भी एक ही बाइक से कछला से लौट रहे थे। उनकी भी बाइक फिसल गई।
वहीं, बरेली के सुभाषनगर निवासी विशाल (28) पुत्र अशोक कांवड़ियों की ट्रॉली से टकराकर घायल हो गए। वहीं अपने परिजनों के साथ पैदल कांवड़ लेकर लौट रहीं कोतवाली क्षेत्र के गांव जमरौली निवासी राजबाला (60) और उनकी नातिन मुस्कान (12) पुत्री श्रवण कुमार को कांवड़ियों की बाइक ने टक्कर मार दी। सोमवार तड़के हुए हादसे में राजबाला और मुस्कान के अलावा बाइक सवार कांवड़िये पीलीभीत के बिलसंडा निवासी अनिल कुमार (42) और उनके साथ मौजूद कांता प्रसाद (40) पुत्र उमराव भी घायल हो गए।
चिकित्साधिकारी डॉ. मोहम्मद शारिक ने बताया कि किसी भी कांवड़िये के गंभीर चोट नहीं आई है। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को उनके साथी कांवड़िये अपने साथ घर ले गए। सीओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि हादसे बाइकें फिसलने से हुए हैं। सभी को उपचार के बाद आगे रवाना कर दिया गया है।
पटना मंदिर से लौट रहे तीन कांवड़ियां घायल
उसावां। पटना देवकली शिव मंदिर से जल चढ़ाकर लौट रहे बाइक सवारों से पिकअप की टक्कर हो गई, जिसमें तीन कांवड़ियां घायल हो गए। इलाज के लिए जिला अस्पताल में भरती कराया गया है। सोमवार को बिल्सी थाना क्षेत्र के ग्राम करौली निवासी यशपाल (18) पुत्र धनपाल , मंगलम (17) पुत्र सतेन्द्र, अंशुल (18) पुत्र रामनाथ निवासी ग्राम सौंधा मई थाना उसावां पटना देवकली के शिव मंदिर पर जलाभिषेक कर अपने गांव आ रहे थे। मुरादाबाद-फरुर्खाबाद हाईवे पर ग्राम मन्सा नगला के पास दुर्घटना हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। संवाद