बदायूं। आईटीआई में ऑनलाइन आवेदन अब 15 अगस्त की मध्यरात्रि तक किए जा सकेंगे। साथ ही जिन्होंने पहले आवेदन किया है वह इस दौरान संस्थान और ट्रेड भी बदल सकेंगे। राजकीय व निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में प्रवेश के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को ध्यान में रखते हुई इसकी तिथि में परिवर्तन किया गया है। पहले इसकी अंतिम तिथि 12 अगस्त तक बढ़ाई गई थी।
जिले में रहने वाले 10,121 अभ्यर्थियों की ओर से अब तक आईटीआई में एडमिशन लेने के लिए आवेदन किए गए हैं। किन्हीं कारणों से कई अभ्यर्थी अभी आवेदन नहीं कर सके हैं, तो कई ऐसे अभ्यर्थी भी हैं, जो अपना चयनित विषय बदलना चाहते हैं। ऐसे अभ्यर्थियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए आईटीआई ने अब करने संशोधन का मौका दिया है।
अभ्यर्थी एससीवीटी के ऑनलाइन पोर्टल पर लॉगिन कर अपडेटेड सीट मैट्रिक्स देख सकते हैं। इसके बाद वे अपनी शैक्षिक योग्यता और प्राथमिकता के अनुसार नए संस्थान एवं ट्रेड जोड़ सकते हैं या पहले से भरे गए विकल्पों में बदलाव कर सकते हैं। इसके अलावा नए अभ्यर्थी भी ऑनलाइन 15 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं।
शासन स्तर से आईटीआई में प्रवेश लेने की तिथि बढ़ाई गई है। इसके साथ ही अभ्यर्थियों को ट्रेड के साथ आईटीआई संस्थान भी बदलने का मौका दिया गया है। -एसके वार्ष्णेय, प्रधानाचार्य आईटीआई