इस्लामनगर। जनसेवा केंद्र पर बैंक खाते से मोबाइल फोन नंबर लिंक कराने पहुंची एक व्यवसायी की पत्नी के खाते से केंद्र संचालक ने 10 हजार रुपये निकाल लिए। पता लगने पर वह पति के साथ जनसेवा केंद्र पहुंची तो वह केंद्र पर ताला डालकर भाग गया। पीड़िता ने थाने में तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव नदेरी निवासी प्रीति ने कुछ समय पूर्व अपने बैंक खाते में मोबाइल फोन का नंबर लिंक कराया था। इसके लिए वह ब्योर तिराहे स्थित एक जनसेवा केंद्र पर गई थी। केंद्र संचालक ने मोबाइल फोन नंबर लिंक करने के लिए उसके हाथ का अंगूठा स्कैनर कर लिया और मोबाइल नंबर खाते से लिंक कर दिया।
बताया कि दिवाली पर उसके पति रमाशंकर ने प्रीति के खाते में 35 हजार रुपये डाले थे। पिछले दिनों दो बार में 10 हजार रुपये खाते से निकाल लिए गए। 24 अक्तूबर को चार हजार और 25 अक्तूबर को छह हजार रुपये खाते से निकलने का मेसेज देखकर प्रीति ने पति से बात की।
पीड़ित के मुताबिक, पति राजस्थान में व्यापार करते हैं। सूचना पर वह आ गए। उसको साथ लेकर बैंक पहुंचे तो पता चला कि खाते से दो बार में 10 हजार रुपये निकालने वाला जनसेवा केंद्र का संचालक ही है। उन्होंने उसके केंद्र पर जाकर देखा तो ताला पड़ा था। बाद में पति-पत्नी ने थाने में तहरीर दी है और आईजीआरएस पर भी अपनी शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत का अध्ययन कर मामले की जांच की जाएगी। मामला सच साबित होता है तो दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। -नरेश सिंह, कोतवाल