बदायूं। जिले के नौ परिषदीय विद्यालयों के नए भवन बनाने के लिए शासन ने धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। इससे छात्र-छात्राओं की पढ़ाई खतरे के साए में नहीं होगी।
जिले में नौ स्कूलों में बिल्डिंग में भवन निर्माण का कार्य प्रस्तावित है। अनुमान है कि इन स्कूलों में लगभग 1500 से अधिक छात्र-छात्राओं को लाभ मिलेगा। नए भवनों के बनने से कक्षाओं की संख्या बढ़ेगी, जिससे पढ़ाई का स्तर सुधरेगा और बच्चों की उपस्थिति में भी इजाफा होगा। वहीं, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय प्रवक्ता संजीव शर्मा ने कहा कि शासन का यह कदम बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक मजबूत आधारशिला रखेगा। साथ ही ग्रामीण अंचलों में शिक्षा को लेकर विश्वास और जुड़ाव भी बढ़ेगा। यह फैसला न केवल शिक्षा की बुनियादी जरूरतों को पूरा करता है, बल्कि सुरक्षित और प्रेरणादायक शैक्षिक वातावरण की दिशा में भी एक ठोस कदम है।
वर्जन
शासन स्तर से धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। काम शुरू कराने के लिए डीएम से अनुमोदन लिया जा रहा है। अनुमोदन मिलने के बाद में संबंधित स्कूलों में बिल्डिंग बनवाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
-वीरेंद्र कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी