झोलाछाप की दुकान पर नवजात की मौत के बाद हंगामा करते परिजन।स्रोत:वीडियोग्रैब
उसहैत। कस्बा के एक झोलाछाप की दुकान में बृहस्पतिवार दोपहर सांस लेने में दिक्कत होने से भर्ती कराए गए नवजात की मौत हो गई। परिजनों ने झोलाछाप पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। परिजनों ने झोलाछाप के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। नवजात की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
गांव मुगर्रा निवासी पंकज ने बृहस्पतिवार दोपहर पत्नी जयवंती को प्रसव पीड़ा होने पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उसहैत पर भर्ती कराया। यहां जयवंती ने बेटे को जन्म दिया। इस दौरान नवजात को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। परिजनों का आरोप है कि पीएचसी पर तैनात एक नर्स ने उन्हें नवजात को उसहैत के झोलाछाप के पास ले जाने की सलाह दी। इसके चलते परिजन नवजात को झोलाछाप के यहां ले गए। इसी बीच इलाज के दौरान नवजात की मौत हो गई। परिजनों ने झोलाछाप व उसके स्टॉफ पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने परिजनों को शांत कराया। पुलिस की पूछताछ में परिजनों ने बताया कि वह नवजात को बदायूं लाना चाहते थे, लेकिन पीएचसी की स्टाफ नर्स के कहने पर नवजात को यहां ले आए। इससे उसका इलाज नहीं हो सका। परिजन नवजात का शव ले गए। पिता ने झोलाछाप के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। उसहैत एसओ विक्रम सिंह ने बताया जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
-
दूसरे दिन भी चलती रही जांच
हजरपुर थानाक्षेत्र के गांव बखतपुर में झोलाछाप के इलाज से बृहस्पतिवार को गर्भवती अंजली की मौत हो गई थी। पति विशाल ने झोलाछाप के खिलाफ तहरीर दी थी। पुलिस ने अभी तक इस पर मुकदमा दर्ज नहीं किया। थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि अभी तहरीर पर जांच चल रही है।
बगैर रजिस्ट्रेशन के संचालित हैं अस्पताल व पैथालॉजी लैब
उसहैत में बिना रजिस्ट्रेशन के कई अस्पताल व पैथोलॉजी लैब संचालित है। इनमें इलाज की सुविधाएं मानक के अनुसार नहीं हैं। क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग के संरक्षण में झोलाछाप ने अपनी दुकान खोल रखी है। यहां मरीजों की जान से खिलवाड़ किया जा रहा है।