चार साल पहले मौजूदा राशन कार्डों की अवधि समाप्त हो चुकी है। एक-एक कर साल गुजरते रहे और नए राशन कार्ड बनाए जाने का समय भी बढ़ता गया। अब आसार हैं कि नए राशन कार्डों का वितरण शुरू हो जाए। अंत्योदय राशन कार्डों की संख्या सबसे कम होने के कारण आपूर्ति विभाग वितरण का काम इन्हीं से शुरू करेगा।
जिले में नए राशन कार्डों के वितरण का काम फरवरी में शुरू हो सकता है। सबसे पहले अंत्योदय राशन कार्डों की चेकिंग शुरू हुई है। इसमें पूर्ति विभाग और ग्राम पंचायत अधिकारियों का भी सहयोग लिया गया है। इस महीने में यह काम पूरा हो जाएगा। इस जांच के बाद अंत्योदय श्रेणी के उपभोक्ताओं को नए राशन कार्ड मिल जाएंगे। इसके बाद बीपीएल और फिर एपीएल राशन कार्डों का वितरण होगा।
अंत्योदय के अलावा बाकी राशन कार्ड बंटने में कुछ विलंब और हो सकता है। हालांकि मार्च से पहले सभी प्रकार के राशन कार्ड वितरण किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। कई बार इस काम को शासन स्तर से इसे आगे बढ़ाने को कहा गया है, लेकिन प्रशासनिक मशीनरी के अन्य विभिन्न कामों में व्यस्तता धीमी गति का कारण बन गई है। इस समय विशेष ध्यान दिया जा रहा है। राशन कार्डों की फीडिंग का कार्य अनवरत जारी है।
गलतियों को भी सुधारा जा रहा है। पिछले दिनों शासन स्तर से अंत्योदय और बीपीएल राशन कार्डों का वितरण पहले कराए जाने को कहा गया है।
अंत्योदय और बीपीएल को प्राथमिकता
जिला पूर्ति विभाग ने इसी प्राथमिकता से काम शुरू करा दिया है। अंत्योदय राशन कार्डों का वितरण पहले किया जाएगा। अंत्योदय कार्ड बांटने से पहले इस बात का ख्याल रखा जा रहा है कि कोई शख्स इसका फर्जी धारक न बन जाए। इसके लिए पूर्ति विभाग खुद और ग्राम पंचायत सचिवों से इसकी जांच करा रहा है।
एपीएल श्रेणी को करना होगा इंतजार
एपीएल कार्ड धारकों की फीडिंग में अधिक समय लगना है। सूत्र बताते हैं कि अंत्योदय राशन कार्डों की फीडिंग का काम लगभग 85 प्रतिशत तक पूरा भी हो चुका है। बीपीएल में भी 45 प्रतिशत लगभग फीडिंग हो चुकी है। एपीएल की फीडिंग को भी अतिरिक्त आपरेटर लगाकर काम कराया जा रहा है।
फैक्ट फाइल-
जिले में राशन कार्डों की संख्या
अंत्योदय राशन कार्ड 47,221
बीपीएल राशन कार्ड 73,522
एपीएल राशन कार्ड 5,36,000
00000000000
इस वित्तीय वर्ष में सभी श्रेणी के राशन कार्ड वितरित होंगे। सबसे पहले अंत्योदय के नवीनीकृत राशन कार्ड वितरित किए जाएंगे। इसके बाद बीपीएल और एपीएल राशन कार्डों का वितरण होगा। सभी प्रकार के राशन कार्डों की कंप्यूटर फीडिंग जारी है। इसकी पूरी निगरानी की जा रही है।
-सत्यदेव, जिला पूर्ति अधिकारी