बिजली की अघोषित कटौती लोगों को खूब परेशान किए हुए हैं। बिजली किस वक्त गुल हो जाए कुछ पता नहीं। अब गर्मी भी दिनों दिन बढ़ रही है सो बिजली के गायब रहने से लोगों को ज्यादा दिक्कतें हो रही हैं। रात में हो रही कटौती के कारण लोग चैन से सो भी नहीं पा रहे हैं। बिजली की लगातार हो रही कटौती को लेकर लोगों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है और वह आंदोलन का मन भी बनाने लगे हैं। हालांकि विभागीय अधिकारियों का कहना है कि कटौती स्थानीय स्तर से नहीं हो रही है। कंट्रोल से ही की जा रही है। साथ ही दावा भी कर रहे हैं कि रोस्टर के मुताबिक ही बिजली दी जा रही है।
दिन पर दिन मौसम लगातार गरम हो रहा है। दिन में 12 बजे के बाद सड़कों पर एकाएक सन्नाटा पसर जाता है। स्थिति है कि जरूरतमंद लोग ही काम से बाजार को आते हैं या फिर घर से निकलते हैं। चूंकि दिन में भी बिजली कई बार गुल हो जाती है। सो लोगों को गर्मी से ज्यादा दिक्कत होती है। रात को भी कई घंटे की कटौती की जा रही है। शहर में देर रात सप्लाई के गुल होने के बाद तड़के सुचारू हुई। लोगों ने कहा कि बिजली के कई घंटे तक गुल हो जाने से वह सो तक नहीं पाए। बिजली की अंधाधुंध की जा रही कटौती से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। बिजली से चलने वाले उपकरण भी चौपट होने लगे हैं। लोगों ने कहा कि यदि बिजली कटौती को जल्द बंद नहीं किया गया तो वह मजबूरन सड़कों पर आकर आंदोलन को विवश होंगे। लोगों को कहना है कि स्थानीय स्तर से ही कटौती की जा रही है।
कर लेते हैं मोबाइल का स्वीच ऑफ
लोगों का यह भी कहना है कि जब भी वह कटौती के बारे में रात के समय बिजली अधिकारियों से मोबाइल पर जानकारी करने का प्रयास करते हैं तो या तो मोबाइल स्वीच ऑफ होता है या फिर उसे रिसीव नहीं किया जाता है। लोगों का कहना है कि सीयूजी नंबर को हर वक्त वर्किंग में रहना चाहिए।
कंट्रोल से होती है कटौती
बिजली महकमे के एक अधिकारी ने कहा कि ऊपर से जितनी बिजली मिल रही है, उसे उपभोक्ताओं तक दिया जा रहा है। दावा किया कि लोकल स्तर पर बिल्कुल कटौती नहीं की जा रही है। जो भी कटौती होती है, वह कंट्रोल से की जाती है।
जिले को कटौती मुक्त कराएं सांसद
लोग कहते हैं कि क्षेत्रीय सांसद धर्मेंद्र यादव को चाहिए कि गर्मी के मौसम में जिले को कटौती मुक्त कराने को वह सार्थक कदम उठाएं ताकि लोगों को किसी तरह की दिक्कत न हो। यदि सांसद चाहेंगे तो कटौती से निजात मिल सकती है।
क्षेत्र पंचायत की बैठक 11 को
बदायूं। खंड विकास अधिकारी सालारपुर के अनुसार क्षेत्र पंचायत की बैठक 11 मई को सुबह 11 बजे विकासखंड सभागार में आयोजित होगी।