ढाई महीने पहले जेएनयू से लापता हो गया था नजीब
दिल्ली पुलिस ने सुराग देने पर रखा है 10 लाख इनाम
दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी के लापता छात्र नजीब की मां फातिमा नफीस ने मामले में जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि दिल्ली पुलिस मामले को उलझाने की कोशिश कर रही है। नजीब का सुराग देने पर 10 लाख रुपये का इनाम दिल्ली पुलिस का दिखावा है।
शहर के मोहल्ला वैदो टोला निवासी नफीस का बेटा नजीब जेएनयू में एमएससी का छात्र था। ढाई महीने पहले यूनिवर्सिटी में छात्रों के एक गुट से मारपीट होने के बाद से नजीब लापता है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नजीब का सुराग देने पर 10 लाख रुपये इनाम घोषित कर रख है। अब तक नजीब का सुराग न लगने से परिवार वाले परेशान हैं। सोमवार को नजीब की मां ने फोन पर अमर उजाला से बातचीत में कहा कि इस मामले में सीबीआई जांच होनी चाहिए। उन्होंने नजीब का पता लगाने को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज की निंदा की।
----------
नजीब की बरामदगी को लेकर पीस पार्टी का प्रदर्शन
शहर के मूल निवासी जेएनयू छात्र नजीब अहमद के गायब होने के 75 दिन बाद भी उसके बरामद न होने पर पीस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। साथ ही राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन डीएम को देकर नजीब की बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पीस पार्टी के जिलाध्यक्ष सलीम खां कादरी ने कहा कि केंद्र सरकार के अधीन दिल्ली पुलिस अब तक नजीब को नहीं खोज सकी, न ही दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई की गई। जबकि एबीवीपी के छात्रों ने नजीब को बुरी तरह से मारा था। बावजूद इसके उन लोगों के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। प्रदर्शन करने वालों में शमीम अहमद सलमानी, फहीम अहमद सलमानी, रिजवान खां, फैजान खां, ईलू, मोहम्मद आरिफ, इकबाल, आदि मौजूद रहे।