बदायूं। शहर से सटे गांव नगला शर्की के रहने वाले लोगों ने सोमवार को डीएम निधि श्रीवास्तव को शिकायती पत्र दिया। बताया कि उनके गांव के घरों से निकलने वाला गंदा पानी नालियों के रास्ते रेलवे के खाली पड़े तालाब में जाता था। कुछ दिन पहले ही रेलवे की जगह के पास अंडरपास बनाया गया, जिसके बाद से तालाब में पानी नहीं जा पा रहा है। इस कारण लोगों तो बिना बारिश ही जलभराव की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
मोहल्ले में पानी भरने से लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं। पानी की निकासी को लेकर कई दिनों से गांव के लोग प्रधान से शिकायत कर रहे थे, लेकिन उनके द्वारा कोई समाधान नहीं किया गया। सोमवार को सैकड़ों ग्रामीण कलक्ट्रेट पहुंच गए। प्रदर्शन करने के बाद डीएम को शिकायती पत्र दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि शहर से सटे नगला शर्की गांव के बहुत बड़े भूभाग का घरेलू पानी तालाब एवं ग्राम समाज की भूमि पर अतिक्रमण होने के कारण रेलवे की जगह में जा रहा था। नगला शर्की रेलवे फाटक पर अंडरपास बनने के कारण घरेलू पानी बंद हो गया। इस कारण सड़क (मुख्य चौराहा) पर लगभग एक फुट पानी भर गया है।
लगभग सात हजार जनसंख्या वाले इस गांव के लोगों का यह मुख्य मार्ग है। अब यह गंदा पानी बस्ती के भीतर घुस रहा है, जिससे लोगों को निकलने में बहुत परेशानी हो रही है। गंदगी की वजह से संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। गांव के लोगों ने समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
छोड़ना पड़ सकता है घर
मुख्य मार्ग पर पानी करीब एक से दो फुट तक भरा हुआ है। ऐसे में छोटे बच्चों को घरों में ही कैद करके रखना पड़ रहा है। धोखे से भी अगर बच्चा निकल गया और पानी में घुस गया तो हादसा हो सकता है। अगर जल्द ही पानी का निकास शुरू नहीं हुआ तो मजबूरन घर छोड़कर अन्य स्थान पर जाना पड़ेगा। - धर्मेंद्र कुमार, नगला शर्की
अंडर ग्राउंड केबल से करंट का खतरा
सड़क तालाब में तब्दील हो गई है। बाइक सवार भी निकलते समय गिर रहे हैं। पैदल दो फुट पानी से होकर निकलना पड़ रहा है। ऐसे में अंडरग्राउंड केबल से अगर करंट उतर आया तो बड़ा हादसा हो सकता है। महिलाओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रामबेटी-, नगला शर्की
बाइक के इंजन में भरा पानी
सोमवार को आवश्यक काम से शहर से बाहर जाना था। घर से मुख्य सड़क से होकर हाईवे पर जाने के लिए बाइक से जलभराव को पार कर रहा था। बाइक के इंजन में पानी भर गया, जिससे वह बीच रास्ते में ही बंद हो गई। पानी से पैदल खींचकर बाइक को लाए हैं। -सरजू, नगला शर्की
घर में घुस रहा गंदा पानी
सड़क पर दो फुट से अधिक पानी होने के कारण पानी घरों में घुसने लगा है। गंदे पानी से होकर निकलना मजबूरी है। इस ओर प्रशासन को जल्द ही कोई ठोस कदम उठाने चाहिए, जिससे गांव के लोगों को समस्या से निजात मिल सके। -विद्यावती, नगला शर्की
कलक्ट्रेट गेट पर शिकायत लेकर पहुंचे नगला शर्की के लोग। संवाद
कलक्ट्रेट गेट पर शिकायत लेकर पहुंचे नगला शर्की के लोग। संवाद
कलक्ट्रेट गेट पर शिकायत लेकर पहुंचे नगला शर्की के लोग। संवाद
कलक्ट्रेट गेट पर शिकायत लेकर पहुंचे नगला शर्की के लोग। संवाद
कलक्ट्रेट गेट पर शिकायत लेकर पहुंचे नगला शर्की के लोग। संवाद