बदायूं। शेखूपुर किसान चीनी मिल में करंट से हुई मजदूर की मौत के दूसरे दिन पोस्टमार्टम के बाद परिजन ने शव फैक्टरी गेट के बाहर रखकर हंगामा किया। परिजनों ने मुआवजा समेत ठेकेदार की गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान पुलिस और परिजन के बीच नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने ठेकेदार की जल्द ही गिरफ्तारी का आश्वासन देकर परिजनों को शांत किया। तब परिजन शव लेकर घर रवाना हो गए।
उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव नसरूल्लागंज निवासी बंटू मजदूरी करता था। रविवार को बुलंदशहर से एक ट्रक गन्ने की बगास लेकर चीनी मिल पहुंचा था। बंटू अन्य मजदूर साथियों के साथ एक ठेकेदार के कहने पर बगास उतारने गया था। इसी बीच वह चीनी मिल में जा रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर ठेकेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी।
वहीं, सोमवार को पुलिस ने बंटू के शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद परिजन ग्रामीणों के साथ बंटू का शव लेकर अचानक चीनी मिल गेट पर पहुंच गए और मिल के गेट के सामने ही शव रखकर हंगामा करने लगे। हंंगामे की सूचना शेखूपुर चौकी को दी गई। सूचना पर चौकी इंचार्ज सुशील कुमार अपनी टीम के साथ पहुंच गए।
चौकी इंचार्ज ने हंगामा कर रहे परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन मुआवजे की मांग और ठेकेदार की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। पुलिस ने जांच के बाद ठेकेदार की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इससे परिजन शांत हुए और शव लेकर घर रवाना हो गए। शेखूपुर चौकी इंचार्ज सुशील कुमार ने बताया कि ठेकेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।