बदायूं। दस दिन पहले बरेली में ब्याही लड़की से न सिर्फ दहेज मांगा गया, बल्कि पति ने हनीमून पर जम्मू कश्मीर ले जाकर उसके साथ मारपीट की। जब परिवार वालों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने तुरंत हवाई जहाज का टिकट बुक कर उसे जम्मू कश्मीर से घर बुला लिया। मामले में उन्होंने दामाद समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला प्रोफेसर कॉलोनी निवासी अनिल साहू ने इसी साल 26 जनवरी को अपनी बेटी अश्रिता की शादी बरेली के आशापुरम निवासी अमन साहू के साथ की थी। अनिल के मुताबिक उन्होंने बेटी की शादी में 15 लाख रुपये नकद और सोने के जेवर समेत करीब 30 लाख रुपये खर्च किए थे।
अश्रिता यहां से विदा होकर ससुराल पहुंची तो अचानक ससुराल वालों का व्यवहार बदल गया। उन्होंने अश्रिता से 20 लाख रुपये और मांगे। अश्रिता ने यह बात परिवार वालों को बताई। उन्होंने स्वयं ससुराल वालों से बात करने की कहकर मामला टाल दिया था। एक फरवरी को पति अमन अश्रिता को हनीमून पर जम्मू कश्मीर ले गया।
आरोप है कि वहां ले जाकर उसने अश्रिता के साथ मारपीट की। उसने जम्मू कश्मीर से ही अपने चाचा को कॉल करके इस बारे में बताया तो चाचा ने ऑनलाइन हवाई टिकट बुक करा दिया। अश्रिता अमन को जम्मू कश्मीर में छोड़कर हवाई जहाज से दिल्ली आ गई। वहां से परिवार वाले उसे घर ले आए।
इसके बावजूद ससुराल वालों ने उन्हें कॉल करके 20 लाख मांगे। कहा कि वह रुपये का इंतजाम करें, तभी अश्रिता को ससुराल भेजें। इस पर अनिल साहू ने अमन साहू, उसके पिता अजय साहू, मां प्रिया साहू और बहन प्रिया साहू के खिलाफ दहेज उत्पीड़न के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई है।