बिल्सी। बदायूं-बिजनौर हाईवे पर गांव पिंडौल के पास बीते 11 नवंबर की रात एक युवक का शव सड़क किनारे पड़ा मिला था। मामले में बुधवार को थाना पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर गांव के पूर्व प्रधान और उसके बेटे के खिलाफ हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंके जाने की रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाल डीके गुप्ता ने बताया कि 11 नवंबर 2019 को बदायूं-बिजनौर हाईवे पर रात्रि गश्त के दौरान नरैनी की ओर स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर के पास एक युवक सड़क किनारे पड़ा मिला था। रात में ही युवक की शिनाख्त करने के लिए गांव के प्रधान समेत ग्रामीणों को बुलाया। जिसमें उसकी पहचान रामौतार कश्यप पुत्र शंभू के रूप में की गई। रात को ही शव को नगर के सीएचसी पर रखवा दिया गया था, साथ ही परिवार वालों को सूचना देकर उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था।
कोतवाल ने बताया कि मृतक के भाई नेमचंद्र ने इसके बाद न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया था। जिसमें उसने गांव के पूर्व प्रधान अनिल गुप्ता पुत्र वेद प्रकाश और उसके बेटे पिंकी गुप्ता पर उनके भाई रामौतार की हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंके जाने का आरोप लगाया था।