कादरचौक (बदायूं)। मध्यप्रदेश के जिला होशंगाबाद पुलिस ने शनिवार को कादरचौक इलाके में दबिश दी। पुलिस ने बेहटा डंबर नगर गांव से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि दो लोगों की तलाश चल रही है। बताते हैं कि इन्होंने होशंगाबाद जिले में एक एटीएम काटकर दस लाख रुपये चोरी किए थे। तब से पुलिस उन्हें तलाश कर रही थी।
शनिवार सुबह मध्यप्रदेश के होशंगाबाद जिले की पुलिस कादरचौक थाने पहुंची। इस टीम में एक इंस्पेक्टर, एक महिला दरोगा और चार कांस्टेबल हैं। पुलिस टीम ने कादरचौक एसओ प्रयागराज सिंह को बताया कि होशंगाबाद जिले में कुछ दिन पहले एक एटीएम काट लिया गया था। बदमाशों ने उससे दस लाख रुपये चोरी किए गए थे। जब इसकी जांच शुरू हुई तो सर्विलांस और सीसीटीवी कैमरों के आधार पर चोर कादरचौक इलाके के निकले। एक कासगंज जिले का बताया जा रहा है। इस पर एसओ ने उनके साथ स्थानीय पुलिस को भेजा। सबसे पहले पुलिस ने बेहटा डंबर नगर गांव में दबिश दी। पुलिस ने यहां से एटीएम लूट में शामिल दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें पकड़कर कादरचौक थाने लाया गया। इसके बाद तीसरे आरोपी की तलाश में कादरबाड़ी गांव में दबिश दी लेकिन वह अपने घर से लापता मिला। पुलिस उसके परिवार वालों से पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल उसका पता नहीं चला है। उसकी तलाश में पुलिस टीम लगा दी गई है।
गैंग का सरगना है कासगंज का आरोपी
कासगंज जिले में सिंकद्रपुर वैश इलाके का रहने वाला चौथा आरोपी गैंग का सरगना बताया जा रहा है। दोनों पुलिस टीमें देर शाम उसकी तलाश में सिंकद्रपुर वैश के लिए रवाना हो गईं हैं। रात नौ बजे तक टीम वहां से वापस नहीं लौटी है। बताया जा रहा है कि उसकी तलाश में सिकंद्रपुर वैश पुलिस के सहयोग से दबिश दी जाएगी।
खंगाला जा रहा स्थानीय आरोपियों का रिकॉर्ड
मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों का फिलहाल स्थानीय स्तर पर कोई रिकॉर्ड नहीं मिला है। इसके बावजूद पुलिस कादरचौक और जिले के अन्य थानों में उसका रिकॉर्ड खंगाल रही है। बताते हैं कि ये आरोपी अक्सर गैर प्रांत या दूसरे जिले में ही आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते हैं। स्थानीय पुलिस द्वारा कभी इनकी गिरफ्तारी नहीं हुई।
ऐसी घटनाओं को बदनाम था धनूपुरा
कादरचौक थाना क्षेत्र का ग्राम धनूपुरा और भोजपुर ऐसी घटनाओं के लिए बदनाम था। ये तो सीओ अनिरुद्घ सिंह की पहल रही, जिससे यहां के लोग मुख्य धारा से जुड़े। नहीं तो ऐसी घटनाओं में यहां के एक-दो लोगों का नाम जरूर होता।
मध्य प्रदेश के होशंगाबाद जिले की एक पुलिस टीम कादरचौक आई है। उन्होंने इलाके में दबिश देने की बात कही थी, जिससे पुलिस टीम को उनके साथ भेज दिया। इसमें दो लोगों को पकड़ा गया है। अन्य आरोपियों को तलाश किया जा रहा है।
प्रयागराज सिंह, एसओ कादरचौक