पंडित दीनदयाल सत्यवती इंटर कालेज ढिलवारी में आयोजित दो दिनी भाजपा के प्रशिक्षण शिविर के समापन पर क्षेत्रीय सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने कहा कि कार्यकर्ता विरोधियों के दुष्प्रचार का तर्क संगत उत्तर दें। मात्र 14 माह के शासन में केंद्र सरकार ने जो जनहित के कार्य किए हैं वह मिसाल हैं। बैंक में खाता खुलवाने में कितनी परेशानी होती है। यह तो भुक्तभोगी ही जानता है। जनधन योजना के तहत 15 करोड़ खाते देश में गरीब लोगों ने खोले हैं। 16 हजार आठ सौ करोड़ रुपया इन खातों के जरिए बैंकों में जमा हुआ है। लोगों में बचत की प्रवृत्ति बढ़ी है। इस योजना में खाताधारक को 30 हजार रुपये का बीमा और बिना किसी गारंटी के पांच हजार रुपये का ऋण खाताधारक को मिलेगा। दुर्घटना बीमा में मात्र 12 रुपये साल की किश्त में दो लाख रुपये का बीमा होगा। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना विशेषकर गरीबों के हितों को चलाई गई है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना से लिंग असंतुलन पर रोक लगी है।
बोले-बुलेट ट्रेन का सपना भी 2022 तक पूरा करने का प्लान है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का परचम लहरा रहा है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीति का परिणाम है। इस मौके पर क्षेत्रीय अध्यक्ष बीएल वर्मा, जिलाध्यक्ष प्रेमस्वरूप पाठक, पूर्व विधायक अवनीश कुमार सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह, चेयरमैन राजीव गुप्ता, राणा प्रताप सिंह आदि ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।