लैपटॉप पाकर खुश हुए 1123 मेधावी
प्रदेश सरकार की लैपटॉप वितरण योजना के तहत सांसद धर्मेंद्र यादव ने जिले के 1123 मेधावी छात्र-छात्राओं को इस्लामियां इंटर कॉलेज में आयोजित समारोह में लैपटॉप वितरित किए। लैपटॉप पाने वाले छात्र-छात्राओं के चेहरे पर खुशी दिख रही थी। इस मौके पर करोड़ों रुपये लागत से बनाए गए निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। लैपटॉप बांटने वाले छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि नोटबंदी से जनता को बहुत परेशानी हो रही है, इसका जवाब जनता भाजपा को चुनाव में देगी।
सांसद धर्मेंद्र ने कहा कि भाजपा खुद ही संसद नहीं चलने नहीं दे रही है, क्योंकि विपक्ष ने नोटबंदी और उससे जनता को होने वाली परेशानी पर बहस होने के साथ वोटिंग की मांग उठाई, इसके लिए भाजपा तैयार नहीं है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से स्मार्टफोन पाने के लिए रजिस्ट्रेशन कराने की अपील भी की। ग्राम्य विकास राज्यमंत्री ओमकार सिंह यादव ने कहा कि जनता ने जो सपने देखे भी नहीं थे, उन्हें भी प्रदेश सरकार ने पूरा कर दिखाया है। एमएलसी बनवारी सिंह यादव ने कहा कि लैपटॉप मेधावी छात्र-छात्राओं का भविष्य उज्ज्वल बनाने में उपयोगी साबित होगा। श्रम संविदा सलाहकार बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. यासीन अली उस्मानी और शेखूपुर विधायक आशीष यादव ने भी विचार रखे। इस दौरान जिला पंचायत की अध्यक्ष मधु चंद्रा, डीएम पवन कुमार, एसएसपी महेंद्र यादव, सीडीओ अच्छेलाल सिंह यादव, एडीएम प्रशासन अजय कुमार श्रीवास्तव, सिटी मजिस्ट्रेट श्रीराम यादव, डीआईओएस राकेश कुमार, सुरेशपाल सिंह चौहान, बलवीर सिंह यादव, पूर्व विधायक प्रेमपाल सिंह, हरप्रसाद सिंह पटेल, विपिन यादव आदि मौजूद रहे।
तीन ब्लाकों का शासनादेश जल्द
सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि शासन से नाधा, बिनावर, दबतोरी को ब्लॉक बनाने का शासनादेश शीघ्र जारी किया जाएगा। कहा कि प्रदेश में 55 लाख से ज्यादा समाजवादी पेंशन के लाभार्थी हैं, जबकि बदायूं में एक लाख लाभार्थी समाजवादी पेंशन पा रहे हैं। बोले, बदायूं-गुन्नौर फोरलेन स्वीकृत हो चुकी है। उन्होंने पुलों के निर्माण के संबंध में बताया। उम्मीद जताई कि राजकीय मेडिकल कॉलेज में जुलाई से कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। अखिलेश यादव की सरकार दोबारा बनाने के लिए साथ देने की अपील भी की।