प्रशासनिक और स्वास्थ्य विभाग को भी नहीं दी कोई खबर
मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया की टीम सोमवार को चुपके से मेडिकल कॉलेज का दौरा कर गई। टीम ने जिला अस्पताल में भी फैकल्टी को देखा। टीम ने इस बारे में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भी खबर नहीं दी। पूरा प्रशासनिक अमला सांसद के लैपटॉप वितरण कार्यक्रम में व्यस्त था।
गुनौरा वाजिदपुर में बन रहे राजकीय मेडिकल कॉलेज का काम करीब 80 फीसदी पूरा हो चुका है। मेडिकल कॉलेज को एमसीआई से मान्यता अभी नहीं मिल सकी है। इसके लिए प्रक्रिया चल रही है। मेडिकल कॉलेज में फैकल्टी पूरी दिखाने के लिए शासन ने 300 बेड के जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल को भी मेडिकल कॉलेज से संबद्व कर दिया है। पहले से ही तय था कि एमसीआई की टीम दिसंबर में दौरा करने आ सकती है। सोमवार को निरीक्षण के बाद टीम वापस चली गई। जाहिर है कि अगर टीम को निरीक्षण में सब कुछ ओके मिला होगा तो मेडिकल कॉलेज को जल्द मान्यता मिल जाएगी।
------
एमसीआई की टीम आई थी। यह उनको गोपनीय कार्यक्रम था। इस बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं दी गई। मालूम हुआ है कि मेडिकल कॉलेज के साथ टीम ने जिला अस्पताल का भी निरीक्षण किया है।
-डॉ. नरेंद्र कुमार, सीएमओ