ऐतिहासिक जनसभा जैसी तैयारियां करने के दिए निर्देश
सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि 23 मई को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की जनसभा को तैयारियां तेजी से की जा रही हैं। मौसम को देखते हुए जर्मन हैंगर से तैयार पंडाल के ऊपर वाटरप्रूफ तिरपाल डाला जा रहा है, जिससे जनसभा में आने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बृहस्पतिवार को सांसद यादव, ग्राम विकास विभाग के राज्यमंत्री ओमकार सिंह यादव, पिछड़ा वर्ग वित्त विकास निगम के अध्यक्ष बनवारी सिंह यादव सहित अन्य जन प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी सीपी त्रिपाठी, एसएसपी सुनील सक्सेना, सीडीओ प्रताप सिंह भदौरिया सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सीएम के सभा स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। सांसद ने निर्देश दिए कि तैयारियों में किसी प्रकार की कोई भी कमी नहीं रहना चाहिए। पेयजल और वाहन पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था कराई जाए। सीएम के कार्यक्रम को लेकर जनता में काफी उत्साह है, इसलिए जनसभा को ऐतिहासिक बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री द्वारा बदायूं बरेली फोरलेन के लोकार्पण के साथ ही मेधावी छात्र-छात्राओं को लेपटाप, समाजवादी पेंशन योजना के नए लाभार्थियों को समाजवादी पेंशन, पंजीकृत श्रमिकों को साइकिलों का भी वितरण किया जाएगा। सभा स्थल की सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने को 120 सफाई कर्मचारियों को लगाया गया है।
इसी संबंध में जिलाधिकारी सीपी त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट स्थित सभा कक्ष में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। निर्देश दिए कि प्रभारी अधिकारी नामित कर जिम्मेदारी सौंपी जाए। जिलाधिकारी ने सभा स्थल पर 60 अस्थाई शौचालय को जिला पंचायतराज अधिकारी एवं नगर पालिका परिषद बदायूं के अधिशासी अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी है। सभा स्थल में प्रवेश को वीआईपी, महिलाओं और मीडिया के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार बनाएं जाएंगे।