बदायूं। सपा के बदायूं संसदीय क्षेत्र से सांसद आदित्य यादव ने रविवार को शहर स्थित अपने आवास पर लोगों की समस्याएं सुनीं। इसके बाद सांसद ने बिसौली विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा किया। वह ढोरनपुर गांव पहुंचे और वहां अनशन पर बैठे लोगों की समस्याएं सुनीं।
वह ग्राम मोहकमपुर पहुंचे, जहां उन्होंने एसआईआर ड्यूटी के दौरान हार्टअटैक से दिवंगत हुए रत्नेश यादव के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। इसके बाद सांसद सपा नेता डॉ. तारिक के दूनपुर स्थित आवास पहुंचे और उनकी माता के निधन पर शोक जताया।
सांसद बिसौली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम ढोरनपुर पहुंचे, जहां सड़क निर्माण की मांग को लेकर पिछले 11 दिन से अनशन पर बैठे ग्रामीणों से मुलाकात की। ग्रामीणों ने वर्षों से जर्जर पड़े संपर्क मार्ग की समस्या से सांसद को अवगत कराया। सांसद ने ग्रामीणों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि सड़क निर्माण के लिए वे स्वयं मुख्यमंत्री तथा संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से वार्ता करेंगे।
उन्होंने कहा कि शीघ्र ही बजट स्वीकृत कराकर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। सांसद ने अनशनरत ग्रामीणों को फल खिलाकर उनका अनशन समाप्त कराया। इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव, सुरेंद्र यादव, राजेंद्र गुरु, बादाम सिंह, महेंद्र सिंह, राहुल यादव, चंद्रकेश यादव, राकेश प्रजापति, जयपाल सिंह आदि उपस्थित रहे।
जय शाह व बीसीसीआई को बताया देशद्रोही
रविवार को अपने आवास पर कुछ पत्रकारों से वार्ता के दौरान सांसद आदित्य यादव ने कहा कि इस समय बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के साथ ऐसी घटनाएं हो रही है तो वहां के खिलाड़ियों को पहले से ही नहीं लेना चाहिए था। ऐसे में शाहरुख खान क्या कोई भी वहां के खिलाड़ियों को खरीद नहीं पाता। सांसद आदित्य यादव ने कहा कि इसके लिए किसी को देशद्रोही या दोषी कहना चाहिए तो वह बीसीसीआई व जय शाह को। सांसद ने कहा, यह सीधे तौर पर भ्रमित करने की राजनीति है। उन्होंने सीएम योगी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी तो गलत बयानबाजी के लिए जाने जाते है। सांसद ने कहा किसी भी समाज के लिए गलत बयानबाजी नहीं करनी चाहिए।