उझानी। बरेली-मथुरा हाईवे पर जिरौली गांव के पास शनिवार तड़के करीब चार बजे चलती मेटाडोर में आग लग गई। वायरिंग में स्पार्किंग के बाद केबिन में उठी लपटों से जान बचाने के लिए चालक कूद पड़ा। बाद में दमकल ने मौके पर आकर आग पर काबू पाया।
मेटाडोर में फर्नीचर लोड करके किच्छा (उत्तराखंड) निवासी चालक अतीक अहमद सहसवान आया था। लौटते में बदायूं की तरफ जिरौली गांव के पास चालक को वायरिंग में स्पार्किंग होती दिखी। वह कुछ समझ पाते उससे पहले ही केबिन ने आग पकड़ ली। चालक अतीक ने आननफानन में मेटाडोर रोकी और वह जान बचाने के लिए सड़क पर कूद पड़ा। मेटोडार की पूरी केबिन, उसके टायर, सीटों से आग की लपटें उठने लगीं।
आग की लपटों से घिरी मेटाडोर को देखने के लिए कुछेक वाहन सवार लोग भी रूक गए। चालक ने पुलिस को दमकल बुलाने के लिए फोन कर दिया। दमकल पहुंचने से पहले ही मेटाडोर जल गई। फिर दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार करके टायरों की लपटों को बुझा लिया। पुलिस कर्मियों ने चालक से हादसे के बारे में जानकारी की। उसका सीएनजी टैंक पूरी तरह सुरक्षित बताया गया है। चालक ने हादसे से मेटाडोर के किच्छा निवासी मालिक को भी अवगत करा दिया है।