बदायूं। शाहजहांपुर के पुवांया-तिलहर-दातागंज-बदायूं मार्ग पर स्थित रामगंगा के पास पड़ने वाले बेलाडांडी पुल से दातागंज आबादी क्षेत्र के मध्य पुल एवं पुलियों के नवनिर्माण कार्य होने हैं। इसके कारण मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई जाएगी। यह निर्णय मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से लिया गया है। प्रशासन की ओर से जल्द ही व्यवस्था लागू की जाएगी।
दो माह तक इस मार्ग पर यह व्यवस्था लागू रहेगी। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता की ओर से जिलाधिकारी बदायूं व शाहजहांपुर को भेजे गए पत्र में अवगत कराया गया है कि इस मार्ग पर टू-लेन चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। वर्तमान में रामगंगा बेलाडांडी पुल से दातागंज के मध्य पुल-पुलियों का नवनिर्माण कार्य प्रगति पर है, इसके चलते भारी वाहनों की आवाजाही में लगातार असुविधा उत्पन्न हो रही है।
-
दो स्थानों पर लगाए जाएंगे बैरियर
निर्माण कार्य को देखते हुए भारी वाहनों के आवागमन को डायवर्ट अथवा पूर्णतः प्रतिबंधित करने के लिए दातागंज के बरेली तिराहा तथा रामगंगा पुल के आगे नवादा तिराहा पर बैरियर लगाए जाने का प्रस्ताव किया गया है।
दो माह में पूर्ण होगा निर्माण कार्य
लोक निर्माण विभाग के अनुसार पुल-पुलियों के नवनिर्माण कार्य को पूर्ण होने में लगभग दो माह का समय लगेगा। इस अवधि के दौरान आमजन से अपील की गई है कि वे यातायात संकेतों का पालन करें तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, जिससे किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
वर्जन
-बेलाडांडी पुल से दातागंज के बीच में पड़ने वाली पुल-पुलियाें का नवनिर्माण होना है। ऐसे में दो माह के लिए इस रोड पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित किया जाना है। इसको लेकर डीएम बदायूं-शाहजहांपुर को पत्र लिखा है। यह प्रक्रिया जल्द लागू हो जाएगी।
-नरेश कुमार, एक्सइएन पीडब्ल्यूडी