बिसौली। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम निजरा निवासी राकेश यादव (50) पुत्र गंगावासी की मंगलवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, राकेश बाइक से आसफपुर क्षेत्र के ग्राम श्यामपुर में दावत खाने गए थे। रात में लौटते समय आसफपुर रोड पर मदनलाल इंटर कॉलेज के पास वह सड़क किनारे गंभीर अवस्था में पड़े मिले थे।
सूचना पर चौकी इंचार्ज सुभाष कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सड़क के एक तरफ उनकी बाइक पड़ी थी, जबकि दूसरी तरफ वह खून से लथपथ अवस्था में पड़े थे। पुलिस ने उन्हें तत्काल नगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसा किस वाहन से हुआ, इसका पता नहीं चल सका है।
राकेश गांव में रहकर खेती-बाड़ी किया करते थे। उनके परिवार में पत्नी गीता के अलावा दो बेटियां और एक बेटा है। वह अपने पिता के इकलौते पुत्र थे। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। संवाद